गिद्धौर/जमुई। प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) गिद्धौर में कार्यरत आदेशपाल अरविंद कुमार सिंह ने लगभग 40 वर्षों की लंबी, निष्ठावान और अनुकरणीय सेवा के बाद शनिवार को सेवानिवृत्ति ग्रहण की। इस अवसर पर बीआरसी परिसर में एक सादे लेकिन भावनात्मक विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मियों ने उनके सेवाकाल को याद करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदा किया।
विदाई समारोह प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी गिद्धौर की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि अरविंद कुमार सिंह ने अपने चार दशक लंबे सेवाकाल में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी की मिसाल पेश की। वे हमेशा समयबद्ध कार्य, कार्यालय व्यवस्था और सहयोगात्मक व्यवहार के लिए जाने जाते रहे हैं। बीआरसी गिद्धौर के कार्यों के सुचारू संचालन में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है।
इस अवसर पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी नीलेश कुमार ने उनके सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि अरविंद कुमार सिंह जैसे कर्मठ और अनुभवी कर्मियों की कमी हमेशा महसूस की जाएगी। उन्होंने उनके स्वस्थ, सुखद और सम्मानपूर्ण सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में मध्य विद्यालय सिमरिया के प्रधानाध्यापक बीरेंद्र पासवान, शिक्षक दिलीप मंडल, बटेश्वर राम, सुशील कुमार रजक सहित कई शिक्षक उपस्थित रहे। इसके अलावा स्नातक प्रशिक्षित शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष कुमार मयंक ने भी कार्यक्रम में शिरकत कर अरविंद कुमार सिंह के योगदान को याद किया और उन्हें शिक्षा परिवार की ओर से शुभकामनाएं दीं।
समारोह के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने उन्हें पुष्प एवं शुभकामनाओं के साथ विदाई दी। विदाई के क्षणों में माहौल भावुक हो गया और कई लोगों ने उनके साथ बिताए अनुभवों को साझा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।







