खैरा : मतदाता जागरूकता सप्ताह के तहत चंद्रचूड़ सिंह उच्च विद्यालय में कार्यक्रम आयोजित - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

शुक्रवार, 30 जनवरी 2026

खैरा : मतदाता जागरूकता सप्ताह के तहत चंद्रचूड़ सिंह उच्च विद्यालय में कार्यक्रम आयोजित

खैरा/जमुई। मेरा युवा भारत, जमुई के बैनर तले मतदाता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत खैरा प्रखंड स्थित चंद्रचूड़ सिंह उच्च विद्यालय, कहरडीह में एक व्यापक मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, नए मतदाताओं को मतदान की प्रक्रिया से परिचित कराना तथा उन्हें अपने मताधिकार के प्रयोग के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को मतदाता शपथ दिलाई गई। सभी ने यह संकल्प लिया कि वे स्वतंत्र, निष्पक्ष और निर्भीक होकर मतदान करेंगे तथा लोकतंत्र को सशक्त बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। शपथ ग्रहण के बाद विद्यालय परिसर एवं आसपास के ग्रामीण इलाकों में मतदाता जागरूकता पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा के दौरान “हर वोट की है ताकत” और “लोकतंत्र को मजबूत बनाएं” जैसे प्रेरक नारों के माध्यम से आमजन को मतदान के महत्व और उसकी शक्ति के बारे में जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित समाजसेवी हर्षित नारायण सिंह एवं सचिराज पद्माकर ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि मतदान केवल एक अधिकार भर नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक की जिम्मेदारी भी है। मतदान के माध्यम से ही देश और समाज की दिशा तय होती है। उन्होंने कहा कि यदि युवा वर्ग पूरी जागरूकता के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग करता है, तो लोकतंत्र और अधिक सशक्त, पारदर्शी और उत्तरदायी बनता है।
इस अवसर पर विशेष रूप से 18 वर्ष से अधिक आयु के नवयुवकों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती युवाओं की सक्रिय और जागरूक भागीदारी पर निर्भर करती है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे न केवल स्वयं मतदान करें, बल्कि अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम में मेरा युवा भारत, जमुई के स्वयंसेवक, “साइकिल यात्रा एक विचार” जमुई के सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्थानीय युवा मौजूद रहे। इस अवसर पर सचिराज पद्माकर, हर्षित नारायण सिंह, मनीष कुमार, गुड्डू पांडे, सोनू कुमार, राजू कुमार, मुकेश पांडे, आलोक कुमार, संजीत कुमार, सुमित कुमार, सुधांशु कुमार पांडे, कुमकुम कुमारी, माही कुमारी, आरती कुमारी, विभा कुमारी, सृष्टि कुमारी सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही। कार्यक्रम के माध्यम से क्षेत्र में लोकतांत्रिक चेतना को और अधिक मजबूत करने का संदेश दिया गया।

Post Top Ad -