गिद्धौर प्रखंड में तीन परीक्षा केंद्रों पर होगी बिहार इंटरमीडिएट परीक्षा, प्रशासनिक तैयारियां पूरी - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

रविवार, 1 फ़रवरी 2026

गिद्धौर प्रखंड में तीन परीक्षा केंद्रों पर होगी बिहार इंटरमीडिएट परीक्षा, प्रशासनिक तैयारियां पूरी

गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 1 फरवरी 2026, रविवार : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित होने वाली बिहार इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा के सफल एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। यह परीक्षा आगामी 2 फरवरी से 13 फरवरी तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने संयुक्त आदेश जारी करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए हैं।

इस क्रम में गिद्धौर प्रखंड क्षेत्र में कुल तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें एमसी विद्या मंदिर गिद्धौर, एमएस रतनपुर गिद्धौर तथा प्लस टू अखिलेश्वर हाई स्कूल रतनपुर शामिल हैं। इन तीनों परीक्षा केंद्रों पर कुल 2,730 परीक्षार्थी बिहार इंटरमीडिएट परीक्षा में शामिल होंगे। जानकारी के अनुसार एमसी विद्या मंदिर गिद्धौर में 1,544, एमएस रतनपुर गिद्धौर में 406 तथा प्लस टू अखिलेश्वर हाई स्कूल रतनपुर में 780 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। उल्लेखनीय है कि इन तीनों केंद्रों पर केवल छात्र परीक्षार्थियों के लिए व्यवस्था की गई है।

परीक्षा के सुचारू एवं कदाचारमुक्त संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। गिद्धौर के इन तीनों परीक्षा केंद्रों पर गिद्धौर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक पंकज कुमार सिंह, रामधारी महतो एवं महिला थाना के धर्मेंद्र कुमार पुलिस पदाधिकारी के रूप में तैनात रहेंगे।
वहीं दंडाधिकारी के रूप में प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी गिद्धौर गौरव कुमार, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी शिव पूजन, प्रखंड कृषि पदाधिकारी गिद्धौर रामधार चौधरी, सिंचाई प्रमंडल के कनीय अभियंता मृत्युंजय कुमार, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के सहायक अभियंता रंजीत कुमार, मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी गिद्धौर संजीव कुमार, अवर प्रमंडल कार्य अभियंता गिद्धौर निशांत राज तथा सिंचाई अवर प्रमंडल झाझा के कनीय अभियंता मो. रजा अख्तर की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अलावा गश्ती दंडाधिकारी के रूप में जिला कल्याण पदाधिकारी श्री अजय कुमार एवं गिद्धौर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक मनीष कुमार को तैनात किया गया है।

प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर मजिस्ट्रेट की उपस्थिति के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। बिना सघन जांच एवं प्रवेश पत्र की जांच के किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। साथ ही परीक्षा प्रारंभ होने के निर्धारित समय से आधे घंटे पूर्व तक ही परीक्षार्थियों का प्रवेश कराया जाएगा।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या कदाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि सभी परीक्षार्थी भयमुक्त वातावरण में परीक्षा दे सकें और परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनी रहे।

Post Top Ad -