उझंडी गांव में साईकिल यात्रा ने श्रमदान से संवारा पार्क, पुस्तकालय स्थापना का लिया संकल्प - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

रविवार, 1 फ़रवरी 2026

उझंडी गांव में साईकिल यात्रा ने श्रमदान से संवारा पार्क, पुस्तकालय स्थापना का लिया संकल्प

जमुई/बिहार। सामाजिक जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और शिक्षा के प्रसार को समर्पित संस्था साईकिल यात्रा एक विचार की 526वीं रविवारीय साईकिल यात्रा का आयोजन उत्साह और जनभागीदारी के साथ किया गया। यह साईकिल यात्रा श्री कृष्ण सिंह स्टेडियम, जमुई से प्रारंभ होकर उझंडी ग्राम तक पहुंची, जहां मंच के सदस्यों और ग्रामीणों ने मिलकर सामाजिक सरोकार का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।

यात्रा के उझंडी ग्राम पहुंचने पर संगठन के सदस्यों एवं ग्रामीणों ने सामूहिक श्रमदान करते हुए गांव स्थित पार्क की साफ-सफाई और साज-सज्जा की। उल्लेखनीय है कि इस परिसर में पूर्व में पौधारोपण किया गया था, लेकिन लंबे समय से उपेक्षित रहने के कारण पार्क में कचरे का अंबार लग गया था। साईकिल यात्रा मंच के सदस्यों और ग्रामीणों ने एकजुट होकर कचरे का निस्तारण किया, पौधों की घेराबंदी की और नए पौधे लगाकर पार्क को सुव्यवस्थित एवं पुनः उपयोग योग्य बनाया। इस पहल से गांव के बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों को एक स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध हो सकेगा।

इसी क्रम में पार्क के समीप स्थित एक खंडहर बन चुके सामुदायिक भवन में पुस्तकालय की स्थापना का भी संकल्प लिया गया। संगठन के सदस्यों ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी विचार को आगे बढ़ाते हुए क्राउड फंडिंग के माध्यम से पुस्तकालय निर्माण की योजना साझा की गई। लोगों से आर्थिक सहयोग के साथ-साथ कुर्सी, टेबल एवं पुस्तकों के दान की भी अपील की गई।
वक्ताओं ने बताया कि प्रस्तावित पुस्तकालय बच्चों, युवाओं तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए ज्ञान का केंद्र बनेगा और गांव के शैक्षणिक स्तर को नई दिशा प्रदान करेगा। सदस्य कुंदन सिन्हा ने कहा कि साईकिल यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि विचारों की सतत श्रृंखला है, जो गांव-गांव तक सकारात्मक बदलाव का संदेश पहुंचा रही है। साईकिल जैसे पर्यावरण मित्र साधन के माध्यम से यह अभियान स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामाजिक दायित्व के आपसी संबंध को मजबूत करने का कार्य कर रहा है।

सदस्य आनंद कुमार और मनीष कुमार ने उपस्थित ग्रामीणों से नियमित पौधारोपण करने, स्वच्छता बनाए रखने, सार्वजनिक संपत्तियों की रक्षा करने तथा प्रस्तावित पुस्तकालय निर्माण में यथासंभव सहयोग देने की अपील की। ग्रामीणों ने संगठन की इस पहल की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज को जोड़ने के साथ-साथ गांवों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर अरुणेश मिश्रा, गोलू कुमार, आनंद कुमार, लड्डू मिश्रा, कुंदन सिन्हा, गौरव कुमार, मोहित कुमार, पंकज पटेल, मंटू कुमार, संजू कुमार, हर्ष कुमार सिन्हा, पंकज कुमार, यशराज कुमार, राजा कुमार, गुड्डू कुमार, प्रियांशु कुमार, सुमित कुमार, रामप्रवेश कुमार, निखिल कुमार, नीरज कुमार, मोहित कुमार, विवेक कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Post Top Ad -