जमुई।बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सुमित कुमार सिंह ने मकर संक्रांति के पावन अवसर पर पकरी स्थित अपने निजी आवास पर भव्य कार्यकर्ता मिलन सह चूड़ा-दही भोज कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में राजनीतिक कार्यकर्ता, सामाजिक प्रतिनिधि एवं क्षेत्र के प्रबुद्ध जन एकत्रित हुए और पारंपरिक रूप से मकर संक्रांति का पर्व उल्लास एवं सौहार्द के वातावरण में मनाया गया।
आयोजित कार्यक्रम में जदयू जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र महतो, भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गा केसरी, लोजपा (रामविलास) जिलाध्यक्ष जीवन सिंह, भाजपा नेता कन्हैया सिंह, विकास प्रसाद सिंह, बृजनंदन सिंह, राजीव रंजन भालोटिया, मनोज बाबू, अशोक बाबू, नीतीश कुमार, सुनील वर्णवाल, सुजीत, अजय सिंह, गुरुदयाल यादव, राजीव रंजन पांडेय सहित चकाई विधानसभा क्षेत्र, जमुई जिला एवं संपूर्ण अंग क्षेत्र से एनडीए के हजारों कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया तथा सभी ने चूड़ा-दही भोज का आनंद लिया। आयोजन स्थल पर आपसी भाईचारे, एकता और सामाजिक समरसता की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली। उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दीं और पर्व की सांस्कृतिक महत्ता पर चर्चा की।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री सुमित कुमार सिंह ने कहा कि आप सभी की गरिमामयी उपस्थिति और आत्मीय स्नेह से यह आयोजन सफल एवं स्मरणीय बन पाया है। उन्होंने उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं, सहयोगियों एवं क्षेत्रवासियों के प्रति हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने एक बार पुनः सभी को मकर संक्रांति की ढेरों शुभकामनाएं दीं और समाज में आपसी सहयोग एवं सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया।






