जमुई : पंचवटी धाम पतनेश्वर महादेव मंदिर न्यास समिति का पुनर्गठन - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

गुरुवार, 29 जनवरी 2026

जमुई : पंचवटी धाम पतनेश्वर महादेव मंदिर न्यास समिति का पुनर्गठन

जमुई/बिहार। जिला के अनुमंडल पदाधिकारी सौरव कुमार से मंगलवार को नवगठित पंचवटी धाम, पतनेश्वर महादेव मंदिर न्यास समिति के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार मुलाकात की और उन्हें समिति के पुनर्गठन को लेकर बधाई दी। इस अवसर पर मंदिर न्यास के सुचारु संचालन, विकास कार्यों तथा धार्मिक गतिविधियों को और अधिक व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाने को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई।

उल्लेखनीय है कि पंचवटी धाम, पतनेश्वर महादेव मंदिर, मलयपुर, जिला-जमुई बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद में निबंधित एक सार्वजनिक धार्मिक न्यास है, जिसका निबंधन संख्या 3587 है। इस न्यास की व्यवस्था एवं संचालन के लिए पूर्व में अनुमंडल पदाधिकारी, जमुई के प्रस्ताव पर परिषद की अधिसूचना पत्रांक-34, दिनांक 04 अप्रैल 2024 के तहत 9 सदस्यीय न्यास समिति का गठन अस्थायी रूप से एक वर्ष के लिए किया गया था। इस समिति के पदेन अध्यक्ष अनुमंडल पदाधिकारी, जमुई होते हैं।

कार्यरत समिति में तकनीकी एवं प्रशासनिक कारणों से पुनर्गठन एवं व्यवस्थित करने की आवश्यकता महसूस की गई, साथ ही समिति का कार्यकाल भी समाप्त हो चुका था। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद द्वारा पूर्व अधिसूचना में संशोधन करते हुए न्यास समिति का पुनर्गठन किया गया तथा हस्ताक्षर की तिथि से 5 वर्षों की अवधि के लिए इसका विस्तार प्रदान किया गया।
पुनर्गठित समिति में अनुमंडल पदाधिकारी, जमुई को पदेन अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं श्री अभिषेक कुमार सिन्हा को उपाध्यक्ष, श्री प्रवीण सिन्हा को सचिव तथा श्री प्रभात कुमार को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त समिति में श्री सुरेन्द्र कुमार तांती, श्री जितेन्द्र कुमार सिंह, श्री बृज मोहन भगत, श्री कपिलदेव प्रसाद, श्री अमित कुमार सिंह, श्री हिमांशु कुमार पाण्डेय एवं श्री रामानंद सिंह को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

परिषद द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि योजना एवं उससे संबंधित सभी शर्तें पूर्व की अधिसूचना दिनांक 04.04.2024 के अनुसार यथावत लागू रहेंगी। बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद के अध्यक्ष प्रो. रणवीर नंदन द्वारा इस संबंध में विधिवत आदेश निर्गत किया गया है। साथ ही पूर्व सचिव श्री राजीव कुमार पाण्डेय एवं पुनर्गठित समिति के सभी सदस्यों को सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु पत्र प्रेषित किया गया है।

प्रतिनिधिमंडल ने अनुमंडल पदाधिकारी सौरव कुमार के नेतृत्व में मंदिर के विकास, श्रद्धालुओं की सुविधा, धार्मिक आयोजनों की पारदर्शी व्यवस्था एवं धाम की गरिमा को और ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर एसडीओ सौरव कुमार ने सभी सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि समिति सामूहिक प्रयास से पंचवटी धाम, पतनेश्वर महादेव मंदिर को एक आदर्श धार्मिक स्थल के रूप में विकसित करेगी।

Post Top Ad -