सोमनाथ मंदिर पुनरोद्धार की 75वीं वर्षगांठ पर बाबा पत्नेश्वर धाम में भव्य विशेष पूजा, वैदिक मंत्रों से गुंजायमान हुआ मंदिर परिसर - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

सोमवार, 12 जनवरी 2026

सोमनाथ मंदिर पुनरोद्धार की 75वीं वर्षगांठ पर बाबा पत्नेश्वर धाम में भव्य विशेष पूजा, वैदिक मंत्रों से गुंजायमान हुआ मंदिर परिसर

जमुई/बिहार। द्वादश ज्योतिर्लिंगों में प्रमुख सोमनाथ मंदिर के पुनरोद्धार की 75वीं वर्षगांठ के पावन अवसर पर बिहार राज्य धार्मिक न्यास बोर्ड के दिशा-निर्देशानुसार “स्वाभिमान महापर्व” का आयोजन पूरे श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया गया। इसी कड़ी में जमुई जिले के मलयपुर स्थित प्रसिद्ध बाबा पत्नेश्वर धाम मंदिर के गर्भगृह में एक विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ब्राह्मणजन सम्मिलित हुए।

इस अवसर पर बाबा भोलेनाथ का विधिवत दुग्धाभिषेक, भव्य श्रृंगार पूजा एवं विशेष आराधना की गई। मंदिर परिसर सुबह से ही वैदिक मंत्रोच्चार और हर-हर महादेव के जयकारों से भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। पूजा का शुभारंभ वरिष्ठ विद्वान श्यामदेव पांडेय जी द्वारा किया गया, जिन्होंने वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार क्रमबद्ध तरीके से विभिन्न देवी-देवताओं का आह्वान कर विशेष पूजन संपन्न कराया और जनकल्याण की कामना की।
मंदिर के मुख्य पुजारी राजीव पांडेय जी, जो वर्षों से अपना सर्वस्व बाबा महादेव की सेवा में समर्पित किए हुए हैं, ने इस अवसर पर लंकापति रावण द्वारा रचित शिव तांडव स्तोत्र का उच्च स्वर में भावपूर्ण पाठ किया। शिव तांडव के पाठ के दौरान मंदिर परिसर भक्तिरस में डूब गया। इसके उपरांत विधिवत बाबा भोलेनाथ की आरती की गई, जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलन कर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया।

पूजा-अर्चना के दौरान पुजारी श्यामदेव पांडेय जी द्वारा वैदिक मंत्रों के उच्चारण के साथ विधिपूर्वक सभी अनुष्ठान संपन्न कराए गए। कार्यक्रम में मुख्य रूप से रामानंद सिंह, प्रभात सिन्हा, अभिषेक सिन्हा, सुरेंद्र कुमार तांती, विक्रम सिंह भदौरिया, ब्रजमोहन भगत, भूपेंद्र सिन्हा सहित अनेक गणमान्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।

इसके अलावा मौके पर प्रवीण कुमार सिन्हा, राजीव पांडेय, अभिषेक सिन्हा, प्रभात सिन्हा, बृजमोहन भगत, विक्रम सिंह एवं सुरेंद्र तांती समेत बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ से क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और सनातन संस्कृति की निरंतर रक्षा की कामना की।

Post Top Ad - LHMU Hair Treatment