भीषण ठंड में भी विराट महायज्ञ की तैयारियों में जुटी सनातन संस्कृति सेवा समिति की टीम - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

शनिवार, 27 दिसंबर 2025

भीषण ठंड में भी विराट महायज्ञ की तैयारियों में जुटी सनातन संस्कृति सेवा समिति की टीम

विशाल कलश यात्रा के साथ होगा नौ दिवसीय महायज्ञ का शुभारंभ
गिद्धौर/जमुई। अयोध्या स्थित श्री राम मंदिर में भगवान श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ के पावन अवसर पर क्षेत्र में भक्ति, श्रद्धा और लोक कल्याण की भावना के साथ एक भव्य धार्मिक आयोजन होने जा रहा है। सनातन संस्कृति सेवा समिति के तत्वावधान में गिद्धौर के पंच मंदिर के समीप 2 फरवरी 2026 से 10 फरवरी 2026 तक नौ दिवसीय विराट महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस विराट आयोजन की तैयारियाँ इन दिनों जोरों पर हैं।
महायज्ञ की शुरुआत 1 फरवरी 2026 को नगर में निकाली जाने वाली विशाल और भव्य कलश यात्रा से होगी, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल होकर धार्मिक वातावरण को और भी पवित्र बनाएंगे। इसके पश्चात 2 फरवरी से विधिवत यज्ञ प्रारंभ होगा, जो 10 फरवरी को पूर्णाहुति एवं प्रसाद वितरण के साथ संपन्न होगा।
इस दौरान प्रतिदिन संध्या बेला में विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें श्री राम कथा, रामलीला का मंचन, भजन संध्या तथा विशाल भंडारे का आयोजन प्रमुख रूप से शामिल है, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद प्राप्त होगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भीषण ठंड के बावजूद सनातन संस्कृति सेवा समिति के सदस्य पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ सहयोग राशि एकत्र करने में जुटे हुए हैं। समिति के बिट्टू कुमार ने बताया कि सभी कार्यकर्ता तन-मन-धन से इस धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने के लिए सक्रिय हैं और क्षेत्रवासियों का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है। दानदाता सहयोगी राशि के साथ अनाज भी दे रहे हैं, जिसका इस्तेमाल भंडारे में किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह महायज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक चेतना और लोक कल्याण की भावना को मजबूत करने का भी एक महत्वपूर्ण प्रयास है। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है।

Responsive Advertisement