चकाई/जमुई। भारतीय जनता पार्टी की ओर से गुरुवार को चकाई प्रखंड क्षेत्र में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारतीय राजनीति के पितामह अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर प्रो. प्रदीप कुमार के समाधि स्थल पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें भाजपा के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संचालन भाजपा मंडल अध्यक्ष कृष्ण कुमार गुप्ता ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत अटल बिहारी वाजपेयी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं उनके व्यक्तित्व व कृतित्व को नमन करने के साथ हुई। उपस्थित सभी लोगों ने बारी-बारी से श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें याद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंडल अध्यक्ष कृष्ण कुमार गुप्ता ने अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि अटल जी का जन्म 25 दिसंबर 1924 को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक कन्याकुब्ज ब्राह्मण परिवार में हुआ था। उनकी माता कृष्णा देवी तथा पिता कृष्ण बिहारी वाजपेयी थे, जो ग्वालियर में एक स्कूल शिक्षक थे। उन्होंने कहा कि अटल जी बचपन से ही मेधावी थे और आगे चलकर उन्होंने अपने विचार, वाणी और कर्म से देश को नई दिशा दी।
जयंती कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा जिला महामंत्री सोनेलाल पासवान ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी न केवल एक कुशल राजनेता थे, बल्कि एक महान कवि और प्रखर वक्ता भी थे। उन्होंने बताया कि अटल जी के नेतृत्व में 11 और 13 मई 1998 को राजस्थान के पोखरण में पांच भूमिगत परमाणु परीक्षण किए गए, जिससे भारत परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर स्थापित हुआ। इस ऐतिहासिक निर्णय ने देश की सुरक्षा और आत्मसम्मान को नई मजबूती दी।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष संतु प्रसाद यादव ने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी हिंदी के श्रेष्ठ कवि, पत्रकार और ओजस्वी वक्ता थे। वे भारतीय जनसंघ के संस्थापकों में से एक थे और 1968 से 1973 तक उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रहे। उनके विचारों में राष्ट्रवाद, लोकतंत्र और मानवीय मूल्यों का अद्भुत समन्वय दिखाई देता था।
जिला उपाध्यक्ष रणजीत सिंह ने कहा कि 1980 में जनता पार्टी से अलग होकर अटल बिहारी वाजपेयी ने भारतीय जनता पार्टी की स्थापना में अहम भूमिका निभाई। 6 अप्रैल 1980 को गठित भाजपा के पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व भी अटल जी को सौंपा गया। उनके नेतृत्व में पार्टी ने संघर्ष के रास्ते से सत्ता तक का सफर तय किया।
वहीं जिला मंत्री शालिग्राम पाण्डेय ने अटल जी से जुड़ा एक प्रेरक प्रसंग साझा करते हुए कहा कि जब भाजपा के केवल दो सांसद संसद में पहुंचे थे और कांग्रेस के सांसद उनका मजाक उड़ाते थे, तब अटल जी ने दृढ़ विश्वास के साथ कहा था कि वह दिन दूर नहीं जब कांग्रेस पर पूरा देश हंसेगा। आज अटल जी की यह बात सच साबित हो चुकी है।
कार्यक्रम में जेपी सेनानी अंगराज राय, चन्द्रकिशोरी पाण्डेय, धर्मवीर आनंद, मनोज पोद्दार, पलटन पासवान, भाजयुमो अध्यक्ष सुमन केशरी, सरवन मंडल, अध्यक्ष नकुल यादव, किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष अमित दुबे, मंडल सोशल मीडिया संयोजक दीपक शर्मा, उपाध्यक्ष प्रमोद यादव, महामंत्री भुवनेश्वर यादव, डॉ. विकास केसरी सहित कई अन्य भाजपा नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों, विचारों और राष्ट्रसेवा की भावना को आत्मसात करने का संकल्प लिया तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।






