BBOS की मैट्रिक परीक्षार्थी बालिका व महिलाओं को DM ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

बुधवार, 17 दिसंबर 2025

BBOS की मैट्रिक परीक्षार्थी बालिका व महिलाओं को DM ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

जमुई/बिहार। बिहार बोर्ड ओपन स्कूल के माध्यम से मैट्रिक परीक्षा में शामिल होने जा रहीं ड्रॉपआउट बालिकाओं एवं महिलाओं को आज जमुई जिला स्थित स्टेडियम परिसर से मुंगेर के लिए रवाना किया गया। जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी दया शंकर ने संयुक्त रूप से बस को हरी झंडी दिखाकर परीक्षार्थियों को शुभकामनाओं के साथ विदा किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बताया कि समग्र सेवा संस्था के सहयोग से पिछले डेढ़ वर्ष से पढ़ाई छोड़ चुकी बालिकाओं एवं महिलाओं को फिर से शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।

गांव-गांव में विशेष शिविर लगाकर उन्हें पढ़ाई के लिए प्रेरित किया गया और नियमित रूप से मैट्रिक परीक्षा की तैयारी कराई गई। इन सतत प्रयासों का परिणाम है कि आज जमुई जिले के विभिन्न प्रखंडों से कुल 855 शिक्षार्थी बिहार बोर्ड ओपन स्कूल के माध्यम से मैट्रिक परीक्षा देने के लिए मुंगेर रवाना हुई हैं। संस्था के सचिव मक्केश्वर ने बताया कि इस परीक्षा में गुरमाहा, चोरमारा, मुसहरी टांड़ एवं भीमबांध जैसे दूरदराज क्षेत्रों की बालिकाएं भी शामिल हो रही हैं। खास बात यह है कि गुरमाहा गांव की छह बालिकाएं अपने परिवार की पहली पीढ़ी हैं, जो मैट्रिक की परीक्षा में भाग ले रही हैं। यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे गांव के लिए प्रेरणास्रोत है।
बताया गया कि जमुई, बरहट, चकाई, गिद्धौर, झाझा एवं लक्ष्मीपुर प्रखंडों के लगभग 70 गांवों में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग की पढ़ाई छोड़ चुकी बालिकाओं एवं महिलाओं की पहचान की गई। उनके अभिभावकों को भी शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। इसके बाद डेढ़ वर्ष से 70 शिक्षा केंद्रों का संचालन किया गया, जहां प्रेरकों के माध्यम से सघन रूप से परीक्षा की तैयारी कराई गई।
समग्र सेवा संस्था द्वारा जमुई जिले के आठ प्रखंडों से परीक्षार्थियों को बस के माध्यम से मुंगेर ले जाया जा रहा है। साथ ही परीक्षा अवधि के दौरान चार दिनों तक उनके रहने और खाने की समुचित व्यवस्था भी संस्था की ओर से की गई है।

संस्था ने बताया कि सामाजिक सहभागिता के माध्यम से बालिका शिक्षा को सशक्त बनाने और समाज के अंतिम पायदान पर जीवनयापन कर रहे परिवारों में शिक्षा की मजबूत नींव रखने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। इस मौके पर एजुकेट गर्ल संस्था से रोहित कुमार के अलावा संस्था की कार्यकर्ता ज्ञानवती देवी, बबीता कुमारी, बबलू कुमार सौरव, रोहित, शशि, मिशा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Responsive Advertisement