सेवा पंचायत में पुस्तकालय का हुआ शुभारंभ, ग्रामीण छात्रों के लिए बना शिक्षा का नया केंद्र - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

मंगलवार, 16 दिसंबर 2025

सेवा पंचायत में पुस्तकालय का हुआ शुभारंभ, ग्रामीण छात्रों के लिए बना शिक्षा का नया केंद्र

सेवा/गिद्धौर (Sewa/Gidhaur)। सेवा पंचायत के पंचायत सरकार भवन में बीते सप्ताह सोमवार को पुस्तकालय का विधिवत उद्घाटन किया गया। इसका उद्घाटन गिद्धौर प्रखंड विकास पदाधिकारी सुनील कुमार और सेवा पंचायत के मुखिया रामाशीष साह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। उद्घाटन के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि यह पुस्तकालय ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन का अवसर प्रदान करेगा।

उन्होंने कहा कि आज के समय में प्रतिस्पर्धा बढ़ गई है, इसलिए छात्रों को उपलब्ध संसाधनों का पूरा लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से पुस्तकालय का उपयोग करने एवं अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए मेहनत करने की अपील की। वहीं पंचायत के मुखिया रामाशीष साह ने बताया कि छात्रों के हित को ध्यान में रखते हुए पुस्तकालय में प्रतियोगी परीक्षाओं एवं सामान्य ज्ञान से जुड़ी सैकड़ों पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं। यहां से इंटर, स्नातक, सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाले विद्यार्थी लाभ उठा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि इस पुस्तकालय की स्थापना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण परिवेश के छात्रों को आधुनिक शिक्षा की सुविधाएं उपलब्ध कराना एवं शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करना है। उन्होंने कहा कि कई प्रतिभाएं अवसरों के अभाव में पीछे रह जाती हैं, लेकिन इस पुस्तकालय के माध्यम से सेवा पंचायत के बच्चे अब बड़े सपनों को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ेंगे। पुस्तकालय के उद्घाटन के बाद पंचायत सरकार भवन के प्रांगण में ग्राम सभा का भी आयोजन किया गया, जिसमें पंचायत क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा की गई तथा आगे किए जाने वाले कार्यों पर चर्चा की गई।
इस दौरान ग्रामीणों ने भी विभिन्न मुद्दों पर अपने सुझाव रखे। इस पहल को ग्रामीणों ने सराहनीय कदम बताते हुए कहा कि यह पुस्तकालय आने वाली पीढ़ियों के लिए ज्ञान का केंद्र बनेगा और छात्रों में शिक्षा के प्रति नई ऊर्जा का संचार करेगा।

Responsive Advertisement