एक और दो रुपये के सिक्कों की कमी को लेकर जमुई चेंबर ऑफ कॉमर्स ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

बुधवार, 17 दिसंबर 2025

एक और दो रुपये के सिक्कों की कमी को लेकर जमुई चेंबर ऑफ कॉमर्स ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

जमुई/बिहार। सोमवार को जमुई चेंबर ऑफ कॉमर्स का पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मिलकर एक और दो रुपये के सिक्कों की गंभीर कमी से अवगत कराया और इस संबंध में एक ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व चेंबर के अध्यक्ष सुनील बरनवाल ने किया। प्रतिनिधिमंडल में चेंबर के सचिव नितेश कुमार केसरी, सह सचिव रंजन कुमार, लायंस इंटरनेशनल के सहायक कोषाध्यक्ष श्रीकांत केसरी तथा अभिषेक कुमार शामिल थे।

ज्ञापन में बताया गया कि विगत कई वर्षों से जमुई जिले के बाजारों से एक और दो रुपये के सिक्के लगभग पूरी तरह गायब हो चुके हैं। इसके कारण छोटे-मोटे लेनदेन में व्यवसायियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। खुदरा पैसों की कमी के कारण दुकानदारों और ग्राहकों के बीच अक्सर कहासुनी की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जो कई बार गंभीर विवाद का रूप ले लेती है।

चेंबर के अध्यक्ष सुनील बरनवाल ने कहा कि एक और दो रुपये के सिक्कों का प्रचलन समाप्त होने से बाजार व्यवस्था प्रभावित हो रही है। बैंकों में भी इन सिक्कों के लेनदेन में लगातार कमी देखी जा रही है, जिससे लोगों के बीच तरह-तरह की अफवाहें फैल रही हैं। इसका सीधा असर रोजमर्रा की खरीद-बिक्री पर पड़ रहा है और छोटे व्यापारियों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
चेंबर के सचिव नितेश कुमार केसरी ने कहा कि एक और दो रुपये के सिक्कों के प्रचलन में कमी से सरकार को भी राजस्व की क्षति हो रही है। छोटे मूल्य के लेनदेन में जब सिक्कों का उपयोग नहीं हो पाता, तो इसका असर कर संग्रहण और बाजार की पारदर्शिता पर भी पड़ता है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि इस समस्या के समाधान के लिए शीघ्र आवश्यक कदम उठाए जाएं।
जिलाधिकारी नवीन ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि जल्द ही संबंधित बैंकों एवं विभागों के साथ बैठक आयोजित कर इस समस्या के समाधान की दिशा में ठोस पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि आम जनता और व्यापारियों की परेशानी को दूर करना प्रशासन की प्राथमिकता है और इस दिशा में हर संभव प्रयास किया जाएगा।

Responsive Advertisement