स्व. जगनारायण सिंह टी–12 क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ, झाझा और रामपुर ने पहले दिन दर्ज की जीत - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

रविवार, 14 दिसंबर 2025

स्व. जगनारायण सिंह टी–12 क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ, झाझा और रामपुर ने पहले दिन दर्ज की जीत

जमुई/बिहार। जिला मुख्यालय के एक्सटेंशन सिकेरिया स्थित जेएस क्रिकेट अकादमी के मैदान में स्वर्गीय जगनारायण सिंह टी–12 क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आगाज हुआ। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि सदर प्रखंड जमुई के प्रमुख अमित कुमार सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिता आयोजित करने की शुभकामनाएं देकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस तरह के खेल आयोजनों से युवाओं में प्रतिभा निखरती है और बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, मेहनत और खेल भावना के साथ खेलने की सलाह दी।

टूर्नामेंट के उद्घाटन दिवस पर दो मुकाबले खेले गए, जिनमें पहले मैच में रोशन इलेवन झाझा तथा दूसरे मैच में रामपुर इलेवन की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।

पहले मुकाबले में रोशन इलेवन झाझा और सरवन इलेवन आमने-सामने थीं। टॉस जीतकर रोशन इलेवन झाझा की टीम ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सरवन इलेवन की टीम निर्धारित 12 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 59 रन ही बना सकी। टीम की ओर से सरवन ने 18 रन तथा मोनु ने 10 रन का योगदान दिया। झाझा की ओर से गेंदबाजी में राजा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार विकेट चटकाए, जबकि गोलू ने दो विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी रोशन इलेवन झाझा की टीम ने सधी हुई बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 64 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से चंदन ने 21 रन तथा बंटी ने 20 रन बनाए। सरवन इलेवन की ओर से विपुल ने चार विकेट और गौतम ने एक विकेट लिया, लेकिन टीम जीत से दूर रही। इस मुकाबले में शानदार गेंदबाजी के लिए राजा को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
टूर्नामेंट के दूसरे मुकाबले में रामपुर इलेवन और सिकंदरा इलेवन के बीच जोरदार भिड़ंत देखने को मिली। टॉस जीतकर रामपुर इलेवन की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। रामपुर की टीम ने निर्धारित 12 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 144 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से गोलू ने शानदार 35 रन बनाए, जबकि निखिल ने 29 रन का योगदान दिया। सिकंदरा इलेवन की ओर से एनुल खान ने तीन विकेट और सकिर ने दो विकेट झटके।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिकंदरा इलेवन की टीम दबाव में आ गई और निर्धारित 12 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 113 रन ही बना सकी। टीम की ओर से इब्राहिम ने 43 रन तथा अभय ने 23 रन बनाए, जबकि अन्य बल्लेबाज कोई खास योगदान नहीं दे सके। रामपुर इलेवन की ओर से रासबिहारी ने तीन विकेट तथा गोलू ने दो विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की। इस प्रकार रामपुर इलेवन की टीम ने 31 रनों से मुकाबला जीत लिया। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए गोलू को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

दोनों मुकाबलों में अंपायर की भूमिका गौरव सिंह और दीपक सिंह ने निभाई, जबकि स्कोरर का दायित्व गुड्डू ने संभाला। टूर्नामेंट के सफल आयोजन से खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

Responsive Advertisement