जमुई एथलेटिक संघ को मिला नया नेतृत्व, डॉ. मनोज कुमार सिन्हा जिलाध्यक्ष, अनिता सिंह सचिव नियुक्त - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

बुधवार, 17 दिसंबर 2025

जमुई एथलेटिक संघ को मिला नया नेतृत्व, डॉ. मनोज कुमार सिन्हा जिलाध्यक्ष, अनिता सिंह सचिव नियुक्त

जमुई/बिहार। जमुई एथलेटिक संघ का चुनाव रविवार को ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के प्रशाल में पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। चुनाव प्रक्रिया में खेल जगत से जुड़े लोगों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। बिहार एथलेटिक एसोशिएशन के पर्यवेक्षक राकेश कुमार सिंह की उपस्थिति में सभी औपचारिकताएं पूरी की गईं और नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। चुनाव में ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के निदेशक एवं खेल प्रेमी डॉ. मनोज कुमार सिन्हा को सर्वसम्मति से जमुई एथलेटिक संघ का जिलाध्यक्ष चुना गया।

वहीं, शिक्षिका अनिता सिंह को निर्विरोध रूप से जिला सचिव के पद पर नामित किया गया। इसके अलावा खेल प्रेमी शैलेश कुमार को जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। चुनाव परिणाम घोषित होते ही उपस्थित सदस्यों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। नव निर्वाचित जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार सिन्हा ने इस नई जिम्मेदारी के लिए बिहार एथलेटिक संघ एवं जिले के खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जमुई में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत है तो उन्हें सही दिशा और बेहतर अवसर देने की।
उन्होंने आश्वासन दिया कि जिले में एथलेटिक्स सहित अन्य खेलों को बढ़ावा देने के लिए ठोस और कारगर पहल की जाएगी। खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के लिए नियमित प्रशिक्षण, अभ्यास के लिए संसाधन जुटाने और प्रतियोगिताओं के आयोजन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश और दुनिया के खेल मानचित्र पर जमुई का नाम दर्ज हो, यही उनकी अंतरात्मा की आवाज है। डॉ. सिन्हा ने संघ के सभी पदाधिकारियों से राज्य और जिले में खेलों के सर्वांगीण विकास के लिए सकारात्मक सहयोग की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयास से जमुई को खेल के क्षेत्र में एक नई पहचान दिलाई जा सकती है।

उधर, चुनाव प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के प्राचार्य ऋतुराज सिन्हा, सचिव कुसुम सिन्हा, उप-प्राचार्य शिवांगी शरण सहित प्रेमलता, सिमांतनी जाना हाजरा और अन्य शिक्षकों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी ने अनुशासन और सहयोग के साथ चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से पूरा कराया, जिसके लिए संघ के सदस्यों ने उनका आभार व्यक्त किया।

Responsive Advertisement