जिलास्तरीय किसान मेला सह कृषि प्रदर्शनी का शुभारंभ, जैविक खेती व मक्का उत्पादन पर जोर - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

बुधवार, 24 दिसंबर 2025

जिलास्तरीय किसान मेला सह कृषि प्रदर्शनी का शुभारंभ, जैविक खेती व मक्का उत्पादन पर जोर

जमुई/बिहार। कृषि कार्यालय आत्मा, जमुई के तत्वावधान में 23 से 24 दिसंबर 2025 तक संयुक्त कृषि भवन मलयपुर, जमुई के प्रांगण में जिला स्तरीय किसान मेला सह कृषि प्रदर्शनी 2025 का आयोजन किया जा रहा है। इस दो दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलवार को विधिवत रूप से किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला पदाधिकारी नवीन कुमार एवं अनुमंडल पदाधिकारी सौरव कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। उद्घाटन अवसर पर बड़ी संख्या में किसान, कृषि विशेषज्ञ एवं विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने जिले के किसानों से जैविक खेती को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि रासायनिक खादों के अत्यधिक प्रयोग से मिट्टी की उर्वरता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, ऐसे में जैविक खेती समय की मांग है। साथ ही उन्होंने किसानों को मक्का की खेती अधिक से अधिक करने की सलाह दी और कहा कि मक्का उत्पादन से किसानों की आय में वृद्धि की व्यापक संभावनाएं हैं।
वहीं अनुमंडल पदाधिकारी सौरव कुमार ने भी जैविक खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जैविक उत्पाद न केवल पर्यावरण के लिए सुरक्षित हैं, बल्कि आम लोगों को स्वस्थ खाद्य सामग्री भी उपलब्ध कराते हैं। इससे किसानों को बेहतर बाजार मूल्य भी मिल सकता है।

पदाधिकारियों के संबोधन के पश्चात जिला पदाधिकारी नवीन कुमार एवं अनुमंडल पदाधिकारी सौरव कुमार द्वारा किसान मेला परिसर में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण एवं निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने किसानों द्वारा प्रदर्शित उत्पादों की जानकारी ली और उनकी सराहना की।
किसान मेला में जिले के सभी प्रखंडों की विभिन्न पंचायतों से आए किसानों ने अपने द्वारा उत्पादित सब्जियों एवं फलों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई है। जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक आत्मा ब्रजेश कुमार ने बताया कि सब्जी एवं फल प्रदर्शनी लगाने वाले किसानों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पुरस्कार की व्यवस्था की गई है। ब्रोकली, बैगन, शिमला मिर्च, फूलगोभी, टमाटर, अमरूद, पपीता एवं मशरूम की प्रदर्शनी के लिए प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार दिए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि मेला दो दिनों का है, जिसमें प्रथम दिवस को ही जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं कृषि विशेषज्ञों द्वारा सभी उत्पादों का मूल्यांकन किया जाएगा। दूसरे दिन चयनित किसानों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे तथा पुरस्कार राशि ऑनलाइन भुगतान के माध्यम से उनके खातों में भेजी जाएगी। इसके अलावा प्रदर्शनी लगाने वाले अन्य किसानों को सांत्वना पुरस्कार भी दिया जाएगा।
किसान मेला में नेचर विलेज मटिया, जलवायु समर्थ पंचायत अभियान मटिया, प्रदान चकाई, जीवित माटी जैविक कृषक समूह केडिया एवं बरहट समूहों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

इसके साथ ही मेला परिसर में जिला कृषि कार्यालय जमुई, भूमि संरक्षण विभाग, पौधा संरक्षण विभाग, आत्मा जमुई, पशुपालन विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा भी स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से किसानों को विभागीय योजनाओं, अनुदान, तकनीकी सहायता एवं आधुनिक कृषि पद्धतियों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। जिला स्तरीय किसान मेला किसानों के लिए सीख, अनुभव और नवाचार का एक महत्वपूर्ण मंच बनकर उभरा है।

Responsive Advertisement