गिद्धौर : कटहरा नदी से अवैध बालू तस्करी पर तीन ट्रैक्टरों पर मामला दर्ज, तस्कर फरार - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

शनिवार, 20 दिसंबर 2025

गिद्धौर : कटहरा नदी से अवैध बालू तस्करी पर तीन ट्रैक्टरों पर मामला दर्ज, तस्कर फरार

गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 20 दिसंबर 2025, शनिवार : जिले में अवैध बालू खनन और तस्करी के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में गिद्धौर थाना पुलिस ने कटहरा नदी से अवैध रूप से बालू लादकर ले जा रहे तीन ट्रैक्टरों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह कार्रवाई गुरुवार 19 दिसंबर को दोपहर करीब 12 बजे गुप्त सूचना के आधार पर की गई।

इस संबंध में जानकारी देते हुए गिद्धौर थाना अध्यक्ष दीनानाथ सिंह ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि रामाकुराव स्थित कटहरा नदी से तीन ट्रैक्टर चोरी-छिपे अवैध बालू लोड कर कोडवाकुराव की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाने में सनहा दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना रिजर्व गार्ड के सिपाही कमलेश कुमार, दीपक कुमार और रामेश्वर पाल के साथ छापेमारी के लिए प्रस्थान किया गया। वहीं, छापेमारी में सहयोग के लिए दिवा गश्ती पदाधिकारी अवर निरीक्षक जयप्रकाश कुमार सिंह को अतिरिक्त पुलिस बल के साथ रतनपुर की ओर से आने का निर्देश दिया गया।

करीब 12:30 बजे पिराटॉड (कोडवाकुराव मोड़) के पास पुलिस ने तीनों ट्रैक्टरों का पीछा किया। पुलिस वाहन को देखते ही तीनों ट्रैक्टर चालकों ने सड़क पर ही बालू गिराते हुए तेज गति से भागने का प्रयास किया। पुलिस ने घेराबंदी कर रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक लापरवाही और तेज रफ्तार में ट्रैक्टर चलाते हुए खेतों और पथरीले रास्तों का सहारा लेकर फरार हो गए। इस दौरान दो महिंद्रा ट्रैक्टर, जिनके रजिस्ट्रेशन नंबर BR 46C 4579 और BR 46G 8397 हैं, पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहे।
तीसरा ट्रैक्टर, जॉन डीयर कंपनी का हरे रंग का ट्रैक्टर (रजिस्ट्रेशन नंबर BR 46G 5500) का पुलिस द्वारा लगातार पीछा किया गया। गश्ती पदाधिकारी जयप्रकाश कुमार सिंह ने अपनी बोलेरो गश्ती वाहन (BR 01PL 4425) को बीच सड़क पर लगाकर ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने जान मारने की नीयत से पुलिस वाहन में जोरदार धक्का मार दिया, जिससे सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद ट्रैक्टर चालक तेज गति से चंद्रशेखर नगर की ओर भाग निकला। पुलिस ने वीडियो रिकॉर्डिंग करते हुए ग्राम रामाकुराव तक पीछा किया, लेकिन चालक कटहरा नदी में ट्रैक्टर उतारकर दूसरी ओर फरार होने में सफल रहा।

घटना के बाद पुलिस ने ग्रामीणों को वीडियो दिखाकर पूछताछ की, जिसमें तीनों ट्रैक्टर चालकों की पहचान हुई। पूछताछ में सामने आया कि जॉन डीयर ट्रैक्टर BR 46G 5500 को गौतम कुमार यादव, पिता सुरेश यादव, निवासी गुगुलडीह, थाना बरहट चला रहा था। वहीं महिंद्रा ट्रैक्टर BR 46C 4579 का चालक प्रमोद कुमार यादव, पिता सुरेश यादव, निवासी गुगुलडीह, थाना बरहट तथा महिंद्रा ट्रैक्टर BR 46G 8397 का चालक पिंटू यादव, पिता सुधीर यादव, निवासी छेदलाही, थाना गिद्धौर था। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि ये सभी चालक प्रतिदिन अवैध रूप से नदी से बालू चोरी कर तस्करी करते हैं और इनके खिलाफ पूर्व में भी बरहट थाना कांड संख्या 118/24 अवैध बालू खनन एवं पुलिस के साथ मारपीट के आरोप में दर्ज है।

पुलिस के अनुसार, तीनों ट्रैक्टर चालकों द्वारा सरकारी आदेश का उल्लंघन करते हुए अवैध बालू की चोरी की गई, पुलिस कार्रवाई में बाधा उत्पन्न की गई तथा सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त कर जानलेवा हमला करने का प्रयास किया गया। इस मामले में तीनों ट्रैक्टर चालकों के साथ-साथ ट्रैक्टर मालिकों को भी आरोपी बनाया गया है। गिद्धौर थाना पहुंचकर औपचारिक प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।

इस पूरी कार्रवाई में गिद्धौर थाना अध्यक्ष दीनानाथ सिंह, गश्ती पदाधिकारी जयप्रकाश कुमार सिंह समेत पुलिस बल की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि अवैध बालू खनन और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Responsive Advertisement