कोल्हुआ/गिद्धौर। गिद्धौर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोल्हुआ पंचायत के धोबघट गांव स्थित यादव टोला में बुधवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां संचालित अशोक बेकरी में गैस सिलेंडर से हुए रिसाव के कारण अचानक विस्फोट हो गया, जिसके बाद बेकरी में भीषण आग लग गई। इस अगलगी की घटना में बेकरी में रखी मशीनें, कच्चा माल और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह जलकर राख हो गए। आग से लगभग पांच लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
घटना के संबंध में बेकरी संचालक अशोक यादव ने बताया कि रोजाना की तरह बेकरी का काम चल रहा था, तभी अचानक गैस सिलेंडर से रिसाव शुरू हुआ और देखते ही देखते जोरदार विस्फोट हो गया। विस्फोट के साथ ही आग की लपटें तेजी से फैल गईं। उन्होंने बताया कि आग इतनी तेज थी कि कुछ ही क्षणों में बेकरी के अंदर रखा सारा सामान धूं-धूं कर जलने लगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद बेकरी के अंदर भयानक लपटें उठने लगीं। लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। गैस सिलेंडर के विस्फोट की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। कुछ समय के लिए यादव टोला में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं इस हादसे में बेकरी संचालक अशोक यादव बाल-बाल बच गए और किसी तरह समय रहते बेकरी से बाहर निकलने में सफल रहे।
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन आग की तेज लपटों और विस्फोट के कारण उस पर काबू पाना संभव नहीं हो सका। देखते ही देखते पूरी बेकरी जलकर खाक हो गई। घटना की सूचना तुरंत ग्रामीणों द्वारा गिद्धौर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी।
इस संबंध में थानाध्यक्ष दीनानाथ सिंह ने बताया कि बेकरी में गैस सिलेंडर विस्फोट की सूचना प्राप्त हुई है। आग लगने और विस्फोट के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि यह घटना दिन के व्यस्त समय में होती, तो जान-माल की बड़ी क्षति हो सकती थी।
इधर, घटना की सूचना अंचल अधिकारी आरती भूषण को भी दे दी गई है। प्रशासनिक स्तर पर नुकसान के आकलन और आगे की कार्रवाई को लेकर प्रक्रिया शुरू की जा रही है। फिलहाल मामले की छानबीन जारी है।








