भाजपा जिला कार्यालय में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

गुरुवार, 25 दिसंबर 2025

भाजपा जिला कार्यालय में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती

जमुई/बिहार। भारतीय राजनीति के अजातशत्रु, सुशासन की प्रतिमूर्ति और करोड़ों कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती भाजपा जिला कार्यालय, जमुई में श्रद्धा, सम्मान और गरिमा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा जिला अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद केसरी की अध्यक्षता में किया गया, जहां उपस्थित नेताओं व कार्यकर्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद केसरी ने अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन, व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रद्धेय अटल जी ने एक सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र को समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा की स्थापना से लेकर संगठन को मजबूत करने और करोड़ों कार्यकर्ताओं को गढ़ने में अटल जी की ऐतिहासिक भूमिका रही। उन्होंने राष्ट्रवाद की चेतना को जन-जन तक पहुंचाया और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूती प्रदान की। जिला अध्यक्ष ने कहा कि आज के समय में हम सभी कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि हम अटल जी के विचारों और आदर्शों को आत्मसात कर उनके पदचिह्नों पर चलें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला महामंत्री बृजनंदन सिंह ने कहा कि आज हम ऐसे महामानव की जयंती मना रहे हैं, जिन्होंने अपने दूरदर्शी नेतृत्व, सशक्त नीति और नैतिक मूल्यों के बल पर देश को नई दिशा दी। उनका मूल्यनिष्ठ और सिद्धांतों पर आधारित जीवन हम सभी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए एक अनमोल धरोहर है। उन्होंने कहा कि अटल जी के विचारों को जीवन पर्यंत जीवंत रखना और आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का परम कर्तव्य है।

इस अवसर पर भाजपा के जिला उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण, अयोध्या राम चंद्रवंशी, संतोष सिंह, संजीव कुमार सिंह, पूजा आर्य, अभिषेक राज, राहुल राठौर, अंकित केसरी, प्रमोद पाल, राजेश कुमार, सुजीत मंडल, सीमा केसरी, नीलू देवी, लव कुमार मिश्रा, धनंजय चंद्रवंशी, डॉ राम चंद्रवंशी, संजय साव, सूरज सिंह, शंकर महतो सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने भी अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम के दौरान अटल जी के राष्ट्रहित में किए गए कार्यों, उनकी कवि हृदयता, उदार व्यक्तित्व और समन्वयकारी राजनीति को याद किया गया। संपूर्ण वातावरण “अटल जी अमर रहें” के नारों से गूंज उठा और सभी ने उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

Responsive Advertisement