- जनता का उमड़ा जनसैलाब
- विकास और सुशासन के पक्ष में दिखा जनसमर्थन
जमुई/बिहार (Jamui/Bihar), 10 नवंबर 2025, सोमवार : बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार अभियान के अंतिम दिन जमुई विधानसभा क्षेत्र में एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी एवं वर्तमान विधायक श्रेयसी सिंह के समर्थन में शनिवार को एक भव्य और ऐतिहासिक रोड शो आयोजित किया गया। इस रोड शो में भाजपा की फायरब्रांड नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी तथा पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी चौबे ने भाग लिया। रोड शो के दौरान सड़कों पर जनता का जोश और उत्साह देखने लायक था।
पुष्पवर्षा कर नेताओं का किया गया अभिनंदन
पूरा जमुई शहर भाजपा और एनडीए समर्थकों के नारों से गूंज उठा। लोग अपने घरों की छतों और दुकानों के सामने खड़े होकर नेताओं का स्वागत करते दिखे। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर श्रेयसी सिंह और केंद्रीय नेताओं का अभिनंदन किया गया। स्मृति ईरानी ने अपने संबोधन में कहा कि जमुई की जनता ने हमेशा विकास, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण का साथ दिया है, और इस बार भी श्रेयसी सिंह को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाकर एनडीए के हाथों को मजबूत करेगी।
युवा, ऊर्जावान और कर्मठ जनप्रतिनिधि हैं श्रेयसी सिंह : अश्विनी चौबे
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार प्रगति कर रहा है और बिहार में एनडीए की सरकार ही इस विकास को और गति दे सकती है। वहीं, अश्विनी चौबे ने कहा कि श्रेयसी सिंह युवा, ऊर्जावान और कर्मठ जनप्रतिनिधि हैं, जिन्होंने अपने क्षेत्र में कई जनहितकारी कार्य किए हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर श्रेयसी सिंह को दोबारा विधानसभा भेजें ताकि जमुई का विकास निरंतर जारी रहे।
जनसैलाब ने दिया संदेश, विकास और सुशासन के पक्ष में है जमुई की जनता
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद केशरी, जदयू और अन्य एनडीए घटक दलों के नेता व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान एनडीए समर्थकों का उत्साह चरम पर रहा, और सड़कों पर उमड़े जनसैलाब ने यह संदेश दिया कि जमुई की जनता इस बार भी विकास और सुशासन के पक्ष में है।
11 नवंबर को मतदान, 14 नवंबर को मतगणना
रोड शो के साथ ही बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का प्रचार अभियान समाप्त हो गया। अब जमुई विधानसभा क्षेत्र में 11 नवंबर को मतदान होगा, जबकि 14 नवंबर को मतगणना की जाएगी। सभी की निगाहें अब जमुई की जनता के फैसले पर टिकी हैं, जिसने प्रचार के अंतिम दिन अपने जोश और समर्थन से चुनावी माहौल को और अधिक जीवंत बना दिया।





