“मतदान हमारा अधिकार, पौधारोपण हमारी जिम्मेदारी” का दिया गया संदेश
जमुई/बिहार (Jamui/Bihar), 9 नवंबर 2025, रविवार : साइकिल यात्रा एक विचार की ओर से रविवार को लोकतंत्र और पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक प्रेरक साइकिल यात्रा निकाली गई। संस्था की यह यात्रा अपने नियमित क्रम के 514वें रविवार को संपन्न हुई। आधे दर्जन से अधिक साइकिल यात्रियों का यह कारवां श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम परिसर से रवाना होकर नारडीह ग्राम तक पहुंचा। यात्रा का उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर मतदाताओं में जागरूकता फैलाना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनचेतना जगाना था।
यात्रा के दौरान मतदान हमारा अधिकार, पौधारोपण हमारी जिम्मेदारी जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा। गांव पहुंचने पर यात्रियों ने सामूहिक रूप से दो दर्जन पौधे लगाकर पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दिया। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए साइकिल यात्रियों का स्वागत किया।
संस्था के संस्थापक विवेक कुमार ने कहा कि मतदान से लोकतंत्र मजबूत होता है और पौधारोपण से जीवन सुरक्षित बनता है। उन्होंने बताया कि दोनों ही कार्य नागरिक जिम्मेदारी के प्रतीक हैं, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के साथ कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए।
संस्था के सदस्य सागर कुमार ने बताया कि यात्रा में शामिल लोगों ने यह संकल्प लिया कि वे न केवल स्वयं मतदान करेंगे, बल्कि अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करेंगे। वहीं सचिराज पद्माकर ने कहा कि इस प्रकार की पहल से समाज में दोहरी चेतना उत्पन्न होती है, लोकतांत्रिक भागीदारी और पर्यावरण संरक्षण की। उन्होंने कहा कि जैसे वोट डालना नागरिक कर्तव्य है, वैसे ही पेड़ लगाना धरती के प्रति हमारी जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर सागर कुमार, गोलू कुमार, विवेक कुमार, हर्ष कुमार सिन्हा, सचिराज पद्माकर, आयुष कुमार, प्रीतम कुमार, कृष्ण कुमार, सुधांशु कुमार, गौतम साह, लव कुश कुमार, देवराज कुमार, आदि कुमार सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।
साइकिल यात्रा के इस अभियान ने एक साथ लोकतांत्रिक जागरूकता और पर्यावरणीय संरक्षण का संदेश देकर समाज को प्रेरित करने का कार्य किया।





