जमुई विधायक श्रेयसी सिंह ने संभाला सूचना प्रावैधिकी मंत्री का पद, विधानसभा क्षेत्र में जश्न का माहौल - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

रविवार, 23 नवंबर 2025

जमुई विधायक श्रेयसी सिंह ने संभाला सूचना प्रावैधिकी मंत्री का पद, विधानसभा क्षेत्र में जश्न का माहौल

पटना/जमुई/बिहार (Patna/Jamui/Bihar), 23 नवंबर 2025, रविवार : जमुई की लोकप्रिय विधायक श्रेयसी सिंह ने शनिवार को पटना स्थित टेक्नोलॉजी भवन में बिहार सरकार के सूचना प्रावैधिकी विभाग के मंत्री के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न हुए इस औपचारिक कार्यक्रम के दौरान विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह भी मौजूद रहे।

पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद मंत्री श्रेयसी सिंह ने विभाग के विभिन्न पदाधिकारियों, कर्मचारियों और शुभचिंतकों से मुलाकात की तथा उनके अभिवादन स्वीकार किए।
पदभार ग्रहण के बाद अपने संक्षिप्त संबोधन में उन्होंने एनडीए नेतृत्व, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें बिहारवासियों की सेवा करने और राज्य को तकनीकी रूप से और अधिक सशक्त बनाने का अवसर मिला है, जिसके लिए वे प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि सूचना प्रावैधिकी विभाग राज्य के विकास में केंद्रीय भूमिका निभाता है और वे डिजिटल सेवाओं के विस्तार, पारदर्शिता और सुशासन को नए आयाम देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगी।
श्रेयसी सिंह के मंत्री बनने की खबर से उनके विधानसभा क्षेत्र जमुई में उत्साह की लहर दौड़ गई है। एनडीए कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल है। जगह-जगह मिठाइयां बाँटी जा रही हैं और कार्यकर्ताओं ने इसे जमुई के लिए गर्व का क्षण बताया है। स्थानीय कार्यकर्ताओं का कहना है कि मंत्री पद मिलने से क्षेत्र के विकास कार्यों को नई गति और मजबूती मिलेगी। श्रेयसी सिंह ने समर्थकों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनका प्रयास हमेशा आम लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता देने का रहेगा, और वे अपने क्षेत्र की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए सतत प्रयासरत रहेंगी।

Responsive Advertisement