गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 20 नवंबर 2025, गुरुवार : गिद्धौर प्रखंड मुख्यालय एवं थाना क्षेत्र के विद्युत शक्ति उपकेंद्र के निकट गुरुवार सुबह एक टोटो के अनियंत्रित होकर पलट जाने से महाराज चंद्रचूड़ विद्यामंदिर की चार छात्राएं घायल हो गईं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायल छात्राओं को दिग्विजय सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
घायल छात्राओं की पहचान दीपक कुमार रावत की पुत्री खुशी कुमारी, विजय राम की पुत्री अनुराधा कुमारी, सुदर्शन राम की पुत्री कोमल कुमारी और अजित राम की पुत्री खुशबू कुमारी के रूप में हुई है। सभी छात्राएं परीक्षा देने के लिए टोटो से विद्यालय जा रही थीं। इसी दौरान सामने से आ रहे एक अन्य अनियंत्रित टोटो को बचाने के क्रम में चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण टोटो पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क पर तेज रफ्तार और टोटो चालकों की लापरवाही के कारण इस प्रकार की घटनाएं आए दिन होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के प्रति सख्ती बरतने और नियमित निगरानी की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।





