जमुई : लछुआड़ में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, संचालक गिरफ्तार, हथियारों का जखीरा बरामद - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

शनिवार, 8 नवंबर 2025

जमुई : लछुआड़ में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, संचालक गिरफ्तार, हथियारों का जखीरा बरामद

जमुई/बिहार (Jamui/Bihar), 8 नवंबर 2025, शनिवार : जमुई पुलिस ने शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लछुआड़ थाना क्षेत्र के गौहरनगर गांव में संचालित एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस गुप्त हथियार निर्माण इकाई के संचालक सुरेश मिस्त्री, पिता तुलसी मिस्त्री, निवासी गौहरनगर को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके घर से देसी कट्टा, सिक्सर रिवॉल्वर, अर्धनिर्मित हथियार, कारतूस और हथियार बनाने के उपकरणों का बड़ा जखीरा बरामद किया है।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उन्हें प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर एक विशेष टीम गठित की गई थी, जिसमें अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जमुई के नेतृत्व में जिला आसूचना इकाई और लछुआड़ थाना पुलिस को शामिल किया गया। टीम ने तत्परता दिखाते हुए गौहरनगर में छापेमारी की और अवैध हथियार फैक्ट्री का सफल उद्भेदन किया।
एसपी दयाल ने बताया कि मौके से देसी कट्टा के सात नग, सिक्सर रिवॉल्वर एक नग, जीवित कारतूस (.315 बोर) दो नग, राइफल का बोल्ट एक नग, बैरल दो नग, ड्रिल मशीन, बेस मशीन, ग्राइंडर मशीन, हैंड बेस मशीन, राइफल की लकड़ी का बट सहित भारी मात्रा में स्प्रिंग, हेक्सा, रेती, स्टील की चादर और बैरल निर्माण पाइप बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि सभी सामानों को विधिसम्मत रूप से जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, संचालक सुरेश मिस्त्री लंबे समय से इस अवैध कारोबार में लिप्त था और आसपास के इलाकों में हथियारों की सप्लाई करता था। उसके संपर्क में कई अन्य अपराधियों के होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं और कहां-कहां से सामग्री की आपूर्ति की जा रही थी।

इस छापेमारी अभियान में थानाध्यक्ष मलयपुर सह प्रभारी जिला आसूचना इकाई विकास कुमार, थानाध्यक्ष लछुआड़ उपेन्द्र पाठक, पुअनि आलोक कुमार, पीटीसी मनोज कुमार, पीटीसी किशन कन्हैया तथा जिला आसूचना इकाई जमुई की विशेष टीम शामिल रही। पुलिस अधीक्षक ने इस कार्रवाई को जमुई पुलिस की एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि जिले में अवैध हथियार निर्माण और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसे अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Post Top Ad - LHMU Hair Treatment