सिकंदरा/जमुई। आगामी विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर बुधवार को नगर पंचायत सिकंदरा के वार्ड संख्या 08 अंतर्गत मतदान केंद्र संख्या 155 पर मतदाता जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र के प्रत्येक मतदाता, विशेषकर महिलाओं को मतदान के प्रति जागरूक करना और 11 नवम्बर 2025 को शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित कराना था।
यह अभियान बाल विकास परियोजना पदाधिकारी श्रीमती प्रेरणा कुमारी के निर्देशन में संचालित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य सेविका श्रीमती संगीता कुमारी ने की, जबकि सेविका श्रीमती रिया कुमारी ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस दौरान क्षेत्र की अनेक महिलाओं, सहायिकाओं और ग्रामीणों की सक्रिय उपस्थिति रही।
जागरूकता कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को मतदान के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी आवश्यक है, क्योंकि मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का दायित्व भी है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और निर्भीक होकर अपने मत का प्रयोग करने से लोकतंत्र और भी सशक्त होता है।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को विशेष रूप से प्रेरित किया गया कि वे मतदान प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाएँ। यह बताया गया कि महिलाएँ समाज की नींव होती हैं और यदि वे आगे बढ़कर मतदान करेंगी तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा और दशा दोनों में सुधार आएगा। “महिलाएं अपने विवेक से आगे बढ़ेंगी तो आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य की राह तय होगी,” – यह संदेश कार्यक्रम से दिया गया।
इस अवसर पर मुख्य सेविका श्रीमती संगीता कुमारी, सेविका श्रीमती रिया कुमारी, सहायिका मीना देवी सहित अन्य महिला सदस्यगण और ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में यह संकल्प लिया कि आगामी विधानसभा चुनाव में वे न केवल स्वयं मतदान करेंगे, बल्कि दूसरों को भी मतदान हेतु प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम का समापन ‘मतदान करें – लोकतंत्र को मजबूत करें’ के नारे के साथ किया गया।





