पतसंडा पंचायत में जदयू ने जनसंपर्क अभियान चलाकर सीएम के कार्यों की दी जानकारी - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

मंगलवार, 19 अगस्त 2025

पतसंडा पंचायत में जदयू ने जनसंपर्क अभियान चलाकर सीएम के कार्यों की दी जानकारी

  • वार्ड-9 में घर-घर पहुंची टीम
  • 125 यूनिट फ्री बिजली और 1100 रुपए पेंशन जैसी योजनाएँ बताईं

गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 19 अगस्त 2025, मंगलवार। मंगलवार को जनता दल यूनाइटेड की टीम ने गिद्धौर प्रखंड के पतसंडा पंचायत के वार्ड संख्या-9 में घर-घर जाकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। अभियान का नेतृत्व जदयू पंचायत अध्यक्ष अशोक केशरी और जदयू व्यावसायिक प्रकोष्ठ के गिद्धौर प्रखंड अध्यक्ष अजीत कुमार ने किया। इनके साथ कल्लू मियां, संदीप कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

जनसंपर्क के दौरान कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों को बताया कि राज्य सरकार द्वारा 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही दिव्यांग, वृद्धजन और विधवाओं को 1100 रुपए प्रति माह पेंशन का लाभ दिया जा रहा है। बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी क्षेत्रों में हुए कामों की जानकारी भी साझा की गई।

जदयू व्यावसायिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष अजीत कुमार ने कहा कि हमारा उद्देश्य हर घर तक सरकार की योजनाओं की सही जानकारी पहुँचाना है, ताकि कोई भी पात्र परिवार लाभ से वंचित न रहे। 125 यूनिट फ्री बिजली से आम परिवारों को राहत मिली है और 1100 रुपए मासिक पेंशन ने दिव्यांगों, वृद्धजनों और विधवाओं को आर्थिक संबल दिया है। बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य में हुए सुधार जमीन पर दिख रहे हैं, और यही भरोसा हमारी ताकत है।
जदयू पंचायत अध्यक्ष अशोक केशरी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में विकास की रफ्तार तेज हुई है। हमारे क्षेत्र में इन प्रयासों को झाझा के माननीय विधायक दामोदर रावत और अधिक गति दे रहे हैं। सड़क मरम्मत, पेयजल सुविधा, स्कूलों और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार जैसे काम लोगों तक ठोस रूप में पहुँचे हैं। हम हर वार्ड में लगातार संपर्क कर रहे हैं, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से मिले।
ग्रामीणों ने जदयू टीम से विभिन्न योजनाओं की प्रक्रिया संबंधी जानकारी ली और अपने सुझाव भी दिए। पार्टी कार्यकर्ताओं ने आश्वासन दिया कि जनसमस्याओं को प्राथमिकता के साथ संबंधित विभागों तक पहुँचाया जाएगा और अगले चरण में अन्य वार्डों में भी जनसंपर्क जारी रहेगा।

Responsive Advertisement