जमुई : हर घर तिरंगा एवं तिरंगा यात्रा की सफलता को लेकर भाजपा की कार्यशाला आयोजित - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

बुधवार, 6 अगस्त 2025

जमुई : हर घर तिरंगा एवं तिरंगा यात्रा की सफलता को लेकर भाजपा की कार्यशाला आयोजित

प्रदेश उपाध्यक्ष अनामिका पासवान ने की कार्यकर्ताओं से सहभागिता की अपील

जमुई/बिहार। भारतीय जनता पार्टी, जमुई जिला इकाई की ओर से आगामी हर घर तिरंगा एवं तिरंगा यात्रा कार्यक्रम की सफलता को लेकर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन बुधवार को महावीर वाटिका, जमुई में किया गया। इस कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष प्रो. दुर्गा प्रसाद केसरी ने की, जबकि कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भाजपा बिहार प्रदेश की उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम की संयोजिका अनामिका पासवान रहीं।

कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तेल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। विषय प्रवेश जिलाध्यक्ष केसरी ने किया और सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे तिरंगा यात्रा को सफल बनाने हेतु अभी से योजनाबद्ध रूप से जुट जाएं। मुख्य वक्ता के रूप में बोलते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष अनामिका पासवान ने कहा कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल झंडा फहराने तक सीमित नहीं, बल्कि यह देश की आत्मा से जुड़ने और भारत माता के सम्मान में एकजुट होने का अवसर है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हाल में हुए आतंकी हमले को याद करते हुए कहा कि यह घटना हमारे लिए पीड़ा का क्षण जरूर है, लेकिन भारत के विजयोत्सव का प्रतीक भी है। यह तिरंगा हमें शौर्य, बलिदान और संकल्प की प्रेरणा देता है।
प्रदेश उपाध्यक्ष अनामिका पासवान ने तिरंगा यात्रा के व्यापक आयोजन हेतु सभी कार्यकर्ताओं से सामूहिक भागीदारी की अपील की और कहा कि कार्यक्रम जिले में भव्य और ऐतिहासिक बनना चाहिए। इस मौके पर जिला महामंत्री बृजनंदन सिंह को तिरंगा यात्रा कार्यक्रम का जिला संयोजक नियुक्त किया गया। कार्यशाला को जिला महामंत्री सोनेलाल पासवान, गोपाल कृष्ण, रणजीत सिंह, अनिल दीक्षित, संतु यादव एवं कार्तिक वर्मा ने भी संबोधित किया और तिरंगा यात्रा के सफल आयोजन के लिए दिशा-निर्देश साझा किए।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष विभा सिंह, साधना सिंह, मंत्री शंभू राम, राजेश मंडल, अजय पासवान, पूजा आर्य, संगीता मिश्रा, अभिषेक राज, रंजीत केसरी, सीमा केसरी, मनोज सिंह, संतोष सिंह, जयंत चौधरी, सहित सभी मंडल अध्यक्ष व संयोजकगण उपस्थित रहे। भाजपा के इस आयोजन ने स्वतंत्रता दिवस के पूर्व राष्ट्रभक्ति की भावना को और भी सशक्त किया है। कार्यशाला के समापन पर सभी कार्यकर्ताओं ने हर घर तिरंगा और तिरंगा यात्रा को सफल बनाने का संकल्प लिया।

Responsive Advertisement