गिद्धौर/जमुई। बिहार सवर्ण आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महाचंद्र प्रसाद सिंह का गिद्धौर आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। मंगलवार को वे झारखंड के देवघर से लौटते समय गिद्धौर स्थित ऐतिहासिक लाल कोठी पहुंचे, जहां बांका की पूर्व सांसद पुतुल कुमारी ने पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
इस दौरान दोनों वरिष्ठ नेताओं के बीच सामाजिक, राजनीतिक और क्षेत्रीय विकास से जुड़े अनेक मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई। गिद्धौर की ऐतिहासिक विरासत, सामाजिक समरसता तथा युवाओं को राजनीतिक रूप से जागरूक करने जैसे विषयों पर विशेष बल दिया गया। इस अवसर पर डॉ. महाचंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि बिहार में सवर्ण समाज के उत्थान और सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए आयोग गंभीरता से कार्य कर रहा है। समाज के हर वर्ग को न्याय मिले, यही हमारी प्राथमिकता है।
पूर्व सांसद पुतुल कुमारी ने कहा कि डॉ. सिंह जैसे वरिष्ठ और अनुभवी नेता का गिद्धौर आगमन हमारे लिए गौरव की बात है। उनके मार्गदर्शन से समाज को नई दिशा मिलेगी। हमें मिलकर सामाजिक सौहार्द और विकास की दिशा में कार्य करना होगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, बुद्धिजीवी, समाजसेवी एवं गणमान्य लोग लाल कोठी परिसर में उपस्थित रहे।