जमुई में 262 नए मतदान केंद्रों की स्थापना प्रस्तावित, आयोग की मंजूरी के बाद कुल संख्या होगी 1595 - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

शुक्रवार, 11 जुलाई 2025

जमुई में 262 नए मतदान केंद्रों की स्थापना प्रस्तावित, आयोग की मंजूरी के बाद कुल संख्या होगी 1595

जमुई/बिहार। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान केंद्रों के पुनर्गठन (युक्तिकरण) को लेकर जमुई कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में एक महत्वपूर्ण जिला स्तरीय समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी नवीन कुमार ने की।

बैठक में जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों 240 सिकंदरा, 241 जमुई, 242 झाझा एवं 243 चकाई में संचालित कुल 1333 मतदान केंद्रों की समीक्षा की गई। निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुसार 1200 से अधिक मतदाताओं वाले 345 मतदान केंद्रों में से 83 केंद्रों के मतदाताओं को निकटवर्ती केंद्रों में स्थानांतरित किया गया है। साथ ही, भीड़भाड़ को कम करने और मतदान प्रक्रिया को सुगम बनाने के उद्देश्य से 262 नए मतदान केंद्र उसी भवन/परिसर में स्थापित किए जाएंगे।

इन प्रस्तावित केंद्रों को आयोग से अनुमोदन मिलने के पश्चात जिले में कुल मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर 1595 हो जाएगी। यह कदम मतदान व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित, समावेशी और सुगम बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है।
बैठक में जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, विधायक दामोदर रावत, उप विकास आयुक्त सुभाष चंद्र मंडल, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी मो. नजरूल हक सहित कई अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान युक्तिकरण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी साझा की गई और राजनीतिक दलों से उनके सुझाव आमंत्रित किए गए। यह संपूर्ण प्रक्रिया पारदर्शिता, समन्वय और निष्पक्षता के साथ संचालित की जा रही है।

जिला प्रशासन द्वारा यह भी आश्वस्त किया गया कि प्रत्येक मतदाता को उनके सुविधा अनुसार मतदान का अवसर सुनिश्चित किया जाएगा और भविष्य में भी किसी तरह की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभागों को सतर्कता से कार्य करने का निर्देश दिया गया है।

Responsive Advertisement