गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 1 जुलाई 2025, मंगलवार : जमुई जिलांतर्गत गिद्धौर निवासी और अनुभवी सामाजिक कार्यकर्ता धनंजय कुमार सिन्हा को सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) का बिहार प्रदेश महासचिव नियुक्त किया गया है। आगामी बिहार विधान सभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने प्रदेश समिति का विस्तार करते हुए यह अहम निर्णय लिया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव संदीप पांडेय द्वारा जारी आधिकारिक पत्र में धनंजय कुमार सिन्हा (Dhananjay Kumar Sinha) के मनोनयन की जानकारी दी गई। उनके मनोनयन को पार्टी की आगामी रणनीति और बिहार में संगठन के सशक्त निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
धनंजय कुमार सिन्हा ने नियुक्ति के बाद पत्रकारों से बातचीत में बताया कि सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) बिहार की सभी 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी वैकल्पिक राजनीति के रास्ते पर चलते हुए समाज के वंचित और कमजोर वर्गों की आवाज बनने का काम करेगी। उन्होंने आगे बताया कि अगस्त माह में पटना में पार्टी का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें आगामी चुनावी रणनीति और जन मुद्दों पर फोकस तय किया जाएगा।
धनंजय कुमार सिन्हा इससे पहले आम आदमी पार्टी के बिहार प्रदेश मीडिया प्रभारी और जनसुराज अभियान के प्रथम मुख्यालय प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनकी सक्रियता, स्पष्ट दृष्टिकोण और सामाजिक-राजनीतिक मुद्दों पर गहरी समझ को देखते हुए सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
पार्टी सूत्रों का मानना है कि सिन्हा के नेतृत्व में संगठन को गांव-गांव तक विस्तार मिलेगा और वैकल्पिक राजनीति को गति मिलेगी। खुद धनंजय सिन्हा ने भी स्पष्ट किया कि वे संगठन को सामाजिक न्याय, पारदर्शिता और जनभागीदारी की दिशा में मजबूत बनाएंगे। वहीं धनंजय के मनोनयन पर उनके शुभचिंतकों और समर्थकों ने बधाई दी है।
सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) द्वारा नवगठित बिहार प्रदेश समिति में धनंजय कुमार सिन्हा को प्रदेश महासचिव नियुक्त किए जाने के साथ-साथ अन्य प्रमुख पदाधिकारियों की भी घोषणा की गई है। पार्टी ने संगठन को सुदृढ़ और सक्रिय बनाने की दिशा में कई जिम्मेदारियों का वितरण किया है। घोषित सूची के अनुसार, ओम प्रकाश पोद्दार को भी महासचिव बनाया गया है। वहीं, दुखी लाल यादव और भिखारी पासवान को प्रदेश उपाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया है। बिंदु कुमारी और बालेश्वर यादव को सचिव पद की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि नशूर अजमल को पार्टी का कोषाध्यक्ष बनाया गया है।
प्रवक्ताओं की सूची में शशिकांत प्रसाद को प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किया गया है। मीडिया से तालमेल और प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी आलोक कुमार और अमिताभ कृष्ण को सौंपी गई है, जो प्रदेश मीडिया प्रभारी के रूप में काम करेंगे। इसके अतिरिक्त, सहयोगी संगठनों के समन्वय हेतु आशीष रंजन को सोशलिस्ट किसान सभा, राजीव कुमार को सोशलिस्ट युवजन सभा और इंद्रजीत को सोशलिस्ट स्टूडेण्ट्स यूनियन का समन्वयक नियुक्त किया गया है। पार्टी ने यह स्पष्ट किया है कि यह पूरी टीम राज्य में संगठन को मजबूत आधार देने और आगामी चुनावों में प्रभावशाली भूमिका निभाने के लिए मिलकर कार्य करेगी।