गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 24 मई 2025, शनिवार : झाझा विधानसभा क्षेत्र के विधायक दामोदर रावत इन दिनों जननेता की एक नई पहचान बना रहे हैं। भीषण गर्मी के बावजूद वे लगातार अपने विधानसभा क्षेत्र की जनता से मिल रहे हैं। गिद्धौर स्थित अपने आवास पर प्रतिदिन लोगों की समस्याएं सुनने और उनके समाधान के लिए तत्पर रहते हैं।
गर्मी की तीव्रता इतनी अधिक है कि विधायक रावत कई बार केवल बनियान में ही जनता से मुलाकात करते नजर आते हैं, जिससे उनका सरल, सहज और जनता से जुड़ाव का भाव स्पष्ट झलकता है। उनकी यह सादगी और सहजता लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
विधायक दामोदर रावत (MLA Damodar Rawat) की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि वे 'ईज़िली एप्रोचेबल' हैं यानी आम जनता उनसे कभी भी मिल सकती है। वे हमेशा उपलब्ध रहते हैं और जनता की छोटी-बड़ी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हैं। मुलाकात के दौरान वे मौके पर ही विभागीय अधिकारियों को फोन कर निर्देश देते हैं कि समस्याओं का त्वरित समाधान हो।
करीब चार दशकों से राजनीति में सक्रिय दामोदर रावत को जनता का अद्भुत समर्थन प्राप्त है। उनका जनसेवा के प्रति समर्पण और काम करने की शैली उन्हें आम नेताओं से अलग बनाती है। वे न केवल जनता की समस्याएं सुनते हैं, बल्कि समाधान के प्रति भी उतने ही गंभीर और सक्रिय रहते हैं।
झाझा की जनता को अपने इस विधायक पर गर्व है, जो तपती गर्मी में भी सेवा के रास्ते से नहीं हटते और दिन-रात लोगों के बीच रहकर जनसेवा को अपना धर्म मानते हैं।