गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 18 मई 2025, रविवार : भारतीय जनता पार्टी गिद्धौर मंडल द्वारा भारतीय सेना के पराक्रम और वीरता को सम्मानित करने हेतु एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना द्वारा दिखाई गई अदम्य साहस और शौर्य को विश्व पटल पर उजागर करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
यह गौरवशाली तिरंगा यात्रा 19 मई को संध्या 3:30 बजे शुरू होगी, जिसकी शुरुआत गिद्धौर पंच मंदिर से होगी। यात्रा गिद्धौर बाजार की विभिन्न गलियों से होती हुई लार्ड मिंटो टॉवर चौक पर समाप्त होगी।
भाजपा के गिद्धौर मंडल अध्यक्ष राजाबाबू केशरी ने सभी राष्ट्रप्रेमी नागरिकों, कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से इस ऐतिहासिक अवसर पर बड़ी संख्या में शामिल होकर राष्ट्रप्रेम और भारतीय जवानों के प्रति सम्मान प्रकट करने का आग्रह किया है।
उन्होंने गिद्धौर मंडल के सभी पदाधिकारियों और विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों से अपील की है कि वे प्रत्येक पंचायत में जाकर अधिक से अधिक लोगों को इस कार्यक्रम की जानकारी दें और यात्रा में भाग लेने के लिए प्रेरित करें। यह तिरंगा यात्रा न केवल एक सम्मान का प्रतीक है, बल्कि देशभक्ति की भावना को और भी मजबूत करने का अवसर है।