प्रगति यात्रा के दौरान सीएम ने जमुई जिला को दी 890 करोड़ रुपये से अधिक की सौगात - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - Contact for Advt

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

शनिवार, 8 फ़रवरी 2025

प्रगति यात्रा के दौरान सीएम ने जमुई जिला को दी 890 करोड़ रुपये से अधिक की सौगात

जमुई/बिहार (Jamui/Bihar), 8 फरवरी 2025, शनिवार : सीएम नीतीश कुमार ने शुक्रवार को प्रगति यात्रा के चौथे चरण में जमुई जिले के आदर्श महिला थाना परिसर में 890 करोड़ रुपए से अधिक की विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। सीएम नीतीश कुमार ने जमुई जिला में विभिन्न जगहों पर विकासात्मक योजनाओं का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने खैरा प्रखंड के लघुआर मंदिर का हवाई सर्वेक्षण किया। हवाई सर्वेक्षण के पश्चात् वे ढावांटाँड़ ग्राम में बने हेलीपैड पर उतरे। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने गरही डैम में जलाश्य मात्सियिकी विकास योजना के अंतर्गत केज-कल्चर का निरीक्षण किया। प्रस्तावित अपर किउल जलायश योजना के विस्तारीकरण एवं पक्कीकरण तथा प्रस्तावित गरही लघुआर सड़क एवं पुल योजना का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से विस्तृत जानकारी भी ली।
मुख्यमंत्री ने गरही डैम के पास इको पर्यटन स्थल को विकसित करने हेतु प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इसे इको पर्यटन स्थल के रुप में विकसित करें और इसका बेहतर ढंग से सौंदर्गीकरण करायें ताकि यहां आने वाले लोग पर्यटकीय सुविधाओं का लाभ उठा सकें। मुख्यमंत्री ने आदर्श महिला थाना परिसर में नवनिर्मित अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं महिला थाना का फीता काटकर एवं शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया और नवनिर्मित थाना भवन के विभिन्न भागों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने राजकीय महिला डिग्री कॉलेज, जमुई का शिलापट्ट अनावरण कर एवं फीता काटकर उद्घाटन किया। ग्राम शिकहरिया के मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र के उ‌द्घाटन का निरीक्षण किया एवं बच्चों से मिलकर उनका उत्साहवर्द्धन किया। मुख्यमंत्री ने ग्राम सोनपै में 9.90 लाख रुपए लागत से बने खेल मैदान का उदघाट्न किया। उद्घाटन के पश्चात् खेल मैदान के निरीक्षण करने के दौरान वहां उपस्थित खिलाड़ियों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मैदान बहुत अच्छा बना है। आप लोग पढ़ाई के साथ-साथ खेल-कूद में भी भाग लें।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) ने ग्राम सोनपै में नवनिर्मित संयुक्त श्रम भवन का फीता काटकर एवं शिलापट्ट अनावरण कर इसका उद्घाटन किया और इसके विभिन्न भागों का निरीक्षण भी किया। साथ ही आदर्श महिला थाना परिसर में विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने उद्योग विभाग, स्वास्थ्य विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, कृषि विभाग, पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग, श्रम संसाधन विभाग, समाज कल्याण विभाग, परिवहन विभाग और शिक्षा विभाग के स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, स्टार्टअप योजना, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, जिला गव्य विकास योजना, देशी गौ पालन योजना, मुख्यमंत्री निःशक्त विवाह प्रोत्साहन योजना, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति (अत्याचार) निवारण अधिनियम, आयुष्मान कार्ड और मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के लाभार्थियों को सांकेतिक चेक प्रदान किया।
मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल की चाबी भी प्रदान की। उन्होंने मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत लाभार्थियों को 2 करोड़ रुपये तथा बिहार लघु उद्यमी योजना के 164 लाभार्थियों को 1 करोड़ 64 लाख रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री प्रखंड परिवहन योजना के तहत अनुदानित ई-रिक्शा के लाभुकों को भी चाबी प्रदान किया। वहीं स्वयं सहायता समूह की जीविका दीदियों द्वारा जीविकोपार्जन हेतु की जा रही विभिन्न गतिविधियों एवं उत्पादों की जानकारी ली। साथ ही जीविका दीदियों के स्टॉल पर लगाए गए विभिन्न उत्पादों को देखा और उनसे बातचीत की।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा —
वर्ष 2005 में जब हमलोगों को बिहार में काम करने का मौका मिला तो हमने देखा कि यहां स्वयं सहायता समूहों की संख्या नाम मात्र की थी। हमलोगों ने विश्व बैंक से कर्ज लेकर स्वयं सहायता समूहों की संख्या बढ़ानी शुरू की। हमने ही स्वयं सहायता समूह का नाम जीविका दिया, जिससे प्रेरित होकर तत्कालीन केंद्र सरकार ने इसका नाम आजीविका किया। हमने जीविका से जुड़ी महिलाओं को जीविका दीदी नाम दिया। शहरी क्षेत्रों में भी स्वयं सहायता समूह का विस्तार किया जा रहा है। स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बन रही हैं, इससे बिहार की महिलाओं की आर्थिक स्थिति में काफी सुधार आया है। उनके पहनावे और बोलचाल में भी काफी बदलाव आया है। जीविका दीदियां लोगों से बेहिचक होकर बातें करने लगी हैं। मैं आप सभी जीविका दीदियों को बेहतर कार्य करने के लिए बधाई देता हूं। आपलोग बहुत आगे बढ़ें, खूब तरक्की करें।
जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि आपकी बदौलत हमलोगों का जीवन सुधरा है, हमलोगों को नई पहचान मिली है। हमलोगों की पारिवारिक और सामाजिक स्थिति में भी काफी सुधार आया है, यह सब आपकी देन है।
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री सह जमुई जिले के प्रभारी मंत्री रत्नेश सादा, विज्ञान प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुमित कुमार सिंह, सांसद अरुण भारती, विधायक सुश्री श्रेयसी सिंह, विधायक दामोदर रावत, अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, अपर पुलिस महानिदेशक, मुख्यालय कुंदन कृष्णन, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक राकेश कुमार, जमुई की डीएम अभिलाषा शर्मा, एसपी मदन कुमार आनंद सहित अन्य वरीय अधिकारी एवं गणमान्य मौजूद रहे।

Post Top Ad -