जमुई : नव निर्मित कारागार में बंदियों के स्थानांतरण का कार्य हुआ पूरा, 836 कैदी शिफ्ट

जमुई (Jamui), 12 अप्रैल : जमुई शहर की हृदयस्थली पर अवस्थित मंडल कारा से बंदियों को भारी सुरक्षा के बीच जमुई - लखीसराय मुख्य मार्ग पर मनियड्डा के समीप नव निर्मित मंडल कारागार स्थानांतरित कर दिया गया है। बिहार सरकार , कारा एवं सुधार सेवा निरीक्षणालय के निर्देश पर सभी बंदियों को वहां सफलतापूर्वक शिफ्ट किया गया। शिफ्टिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है।

जिला कलेक्टर अवनीश कुमार सिंह (DM Avaneesh Kumar Singh) ने समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में इस आशय की जानकारी देते हुए कहा कि नव निर्मित कारा भवन की क्षमता 1000 से अधिक कैदियों की है। मंगलवार को वहां कुल 836 कैदी शिफ्ट किए गए जिसमें 785 पुरुष एवं 51 महिला बंदी शामिल हैं।
उन्होंने आगे कहा कि नव निर्मित मंडल कारागार को बड़ा परिसर हासिल है। सुरक्षा कर्मियों के रहने का भी खास इंतजाम है। जेल भवन को सुगम परिवहन भी उपलब्ध है। चौड़ी सड़क और खुला वातावरण इसे खास सुविधायुक्त बनाता है। एक लंबे अरसे से कैदियों के स्थानांतरण की औपचारिकता पूरी की जा रही थी।
सरकार के निर्देश पर और उसके द्वारा जारी गाइडलाइंस के मुताबिक मंगलवार को बंदियों की शिफ्टिंग का कार्य पूरा कर लिया गया। कैदियों के स्थानांतरण के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। वरीय अधिकारियों के साथ भारी संख्या में पुलिस बल को इस कार्य में लगाया गया था। शांति व्यवस्था के बीच स्थानांतरण का कार्य पूरा कर लिया गया।

पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन , एडीएम सत्येंद्र कुमार मिश्र , सूचना एवं जन संपर्क अधिकारी आर के दीपक समेत कई अधिकारी संवाददाता सम्मेलन में मौजूद थे।
Previous Post Next Post