जमुई : ईद को लेकर विधि व्यवस्था संधारण हेतु जिला शांति समिति की बैठक - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

शुक्रवार, 21 अप्रैल 2023

जमुई : ईद को लेकर विधि व्यवस्था संधारण हेतु जिला शांति समिति की बैठक

जमुई (Jamui), 21 अप्रैल 2023 : अपर समाहर्त्ता सत्येंद्र कुमार मिश्र की अध्यक्षता में समाहरणालय के संवाद कक्ष में ईद उल फितर त्यौहार के अवसर पर विधि व्यवस्था संधारण हेतु जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान थाना अध्यक्षों से संबंधित क्षेत्रों में विधि व्यवस्था से संबंधित पूर्व की समस्याओं तथा विवादों की जानकारी ली गई। इसी क्रम में संवेदनशील स्थानों की भी जानकारी ली गई तथा उन स्थलों पर खास सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया।

अपर समाहर्ता ने मौके पर कहा कि ईद आपसी मिल्लत और भाईचारे का त्यौहार है। जिलावासी इस पर्व को सौहार्द के वातावरण में मनाएं और सांप्रदायिक सद्भाव का परिचय दें। उन्होंने सभी थाना अध्यक्षों से संबंधित क्षेत्रों में थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक करते हुए सूचना को दुरुस्त करने एवं लोगों को आपसी सौहार्द बनाए रखने  का निर्देश दिया।

डीडीसी शशि शेखर चौधरी ने कहा कि सभी थाना अध्यक्ष एवं संबंधित क्षेत्र के अंचलाधिकारी अपने - अपने क्षेत्रों में व्हाट्सएप ग्रुप पर नजर बनाए रखेंगे। अवांछित पोस्ट पर कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। साथ ही यह भी ध्यान रखेंगे कि किसी भी समुदाय विशेष के विरुद्ध भड़काऊ तस्वीर , संवाद आदि साझा न हो। 
डीडीसी ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस क्रम में उन्होंने सभी थाना अध्यक्षों को निर्देश दिया कि अपने - अपने क्षेत्रों में ड्रोन कैमरे से नजर रखें एवं किसी प्रकार की संदेहपूर्ण गतिविधि पर तत्काल एक्शन लें। श्री चौधरी ने इसी क्रम में सभी थाना अध्यक्षों से उनके क्षेत्रों में किन - किन स्थानों पर अंतिम जुमे की नमाज होगी और ईद की नमाज कहां - कहां अदा होगी इसकी जानकारी ली साथ ही उन्होंने जरूरी निर्देश दिए। डीडीसी ने ईदगाह आदि की भी जानकारी ली और वहां सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किए जाने का निर्देश दिया।

एसडीएम अभय कुमार तिवारी ने कहा कि असामाजिक तत्वों को चिंहित कर उनपर विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने धारा 107 की कार्रवाई , संवेदनशील स्थलों पर वीडियो रिकॉर्डिंग करने , सीसीटीवी कैमरा के अधिष्ठापन , ड्रोन आदि के जरिए ईद पर निगाह रखे जाने की बात - बताते हुए कहा कि बेजा हरकतों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। श्री तिवारी ने सभी थाना अध्यक्षों को अपने - अपने क्षेत्रों में  पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च करने का भी निर्देश दिया।
डीएसपी मुख्यालय अभिषेक सिंह ने सभी को अलविदा जुमा एवं ईद की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए अपील किया कि आगामी ईद का पर्व जिलावासी शांतिपूर्ण माहौल में सौहार्द के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि ईद का पर्व हमें आपसी भाईचारा और प्रेम सिखाता है। जमुई जिलावासी एक बार फिर यह मिसाल क़ायम करें कि हर पर्व की तर्ज पर इस त्यौहार को भी आपसी तालमेल के साथ सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया। उन्होंने अफवाह से दूर रहने की अपील की।

वरीय उप समाहर्ता रवि प्रकाश गौतम, सीओ सौरभ कुमार जमुई थाना अध्यक्ष राजीव तिवारी, जिला विधिज्ञ संघ के अध्यक्ष अश्विनी कुमार यादव, जेडीयू जिलाध्यक्ष राम चरित्र मंडल, भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया कुमार सिंह, मो. अशरफ, नगर परिषद उपाध्यक्ष नीतीश कुमार, प्रभाग आयुक्त मो. फिरोज, जिला संवाददाता डॉ. निरंजन कुमार, संजय वर्णवाल, विनय पांडे, राजीव कुमार सिंह उर्फ पप्पू जी समेत जिला शांति समिति के अधिकांश सदस्य बैठक में उपस्थित थे।

Responsive Advertisement