जमुई : बिजली विभाग ने 10 लोगों को ऊर्जा चोरी करते पकड़ा, जुर्माना के साथ हुई प्राथमिकी - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

सोमवार, 27 फ़रवरी 2023

जमुई : बिजली विभाग ने 10 लोगों को ऊर्जा चोरी करते पकड़ा, जुर्माना के साथ हुई प्राथमिकी



जमुई (Jamui), 26 फरवरी : बिजली विभाग विद्युत ऊर्जा चोरी को रोकने के लिए सघन अभियान चला रहा है। इसी कड़ी में गठित छापामारी दल ने गुप्त सूचना के आधार पर सिकंदरा , चकाई , झाझा और बरहट विद्युत आपूर्ति प्रशाखा के अंतर्गत विभिन्न गांवों में मुहिम चलाकर कुल 10 लोगों को अवैध तरीके से बिजली का उपभोग करते पकड़ा।


सम्बंधित दल ने सभी दोषियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थाने में भारतीय विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कराई है। बिजली विभाग के सख्त रुख अख्तियार किए जाने के बाद विद्युत ऊर्जा चोरी करने वाले लोगों में हड़कंप मच गया है। सभी नागरिक नियमानुसार बिजली का उपभोग करने के लिए संकल्पित हैं। 


कार्यपालक अभियंता समीर कुमार ने बताया कि बिजली विभाग द्वारा गठित टीम ने सिकंदरा विद्युत आपूर्ति प्रशाखा अंतर्गत सिकंदरा गांव में ललन कुमार मिश्रा को बिजली चोरी करते रंगे हाथ पकड़ा और इन पर 30789 रुपया जुर्माना लगाया। साथ ही सम्बंधित थाने में कानूनी कार्यवाही के लिए प्राथमिकी दर्ज कराई है।


उन्होंने आगे कहा कि चकाई विद्युत आपूर्ति प्रशाखा अंतर्गत कुड़वा गांव में भी अभियान चलाया गया और वहां अशोक टुड्डू को ऊर्जा चोरी करते दबोचा गया। श्री कुमार ने इन पर 5452 रुपया जुर्माना लगाने के साथ नामित थाने में प्राथमिकी दर्ज कराए जाने की जानकारी दी।


श्री कुमार ने झाझा विद्युत आपूर्ति प्रशाखा की चर्चा करते हुए कहा कि यहां गुप्त सूचना के आधार पर विभागीय टीम  रिटायर कॉलनी गई और संजय राम एवं नवीन सिंह को विद्युत चोरी करते पकड़ा। विभाग ने विधि अंतर्गत इन दोनों पर  क्रमशः 2520 और 43945 रुपया जुर्माना लगाया। साथ ही इन लोगों पर भी सम्बंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।


श्री कुमार ने बरहट विद्युत आपूर्ति   प्रशाखा अंतर्गत देवाचक गांव में बिजली चोरी रोको अभियान चलाए जाने की बात - बताते हुए कहा कि यहां गुलाबी देवी , नीलकंठ यादव और प्रमिला देवी को तथा मलयपुर गांव निवासी अश्विनी पांडे , जवाहर पांडे और गुड़िया देवी को रंगे हाथ ऊर्जा चोरी करते दबोचा गया। इन सबों पर क्रमशः 19752 , 79406 , 14957 , 53331 , 50802 तथा 48517 रुपए जुर्माना लगाते हुए सम्बंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।


कार्यपालक अभियंता ने तल्ख तेवर अपनाते हुए कहा कि बिजली चोरी रोकने के लिए विभाग कटिबद्ध है। उन्होंने विद्युत ऊर्जा चोरों को बेनकाब कर उनपर कानून सम्मत कार्रवाई किए जाने को अपना लक्ष्य बताते हुए कहा कि इस मामले में वे " जीरो टॉलरेंस " की नीति पर कायम हैं।


श्री कुमार ने जमुई जिलावासियों से अपील करते हुए कहा कि वैध कनेक्शन लेकर विद्युत उर्जा का उपभोग करें और स्वयं के साथ राज्य को गौरवांवित होने का अवसर दें। उन्होंने विद्युत चोरी के खात्मे तक अभियान के जारी रहने का ऐलान किया।

Responsive Advertisement