दुर्गा पूजा पर होगा दो दिवसीय गिद्धौर महोत्सव का आयोजन, जानिए तारीख - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - Contact for Advt

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

सोमवार, 26 सितंबर 2022

दुर्गा पूजा पर होगा दो दिवसीय गिद्धौर महोत्सव का आयोजन, जानिए तारीख

गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 26 सितंबर : जिलाधिकारी अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के सौजन्य से दो दिवसीय गिद्धौर महोत्सव का आयोजन 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को गिद्धौर स्थित कुमार सुरेंद्र सिंह स्टेडियम के मैदान पर होने जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ तय तिथि को संध्या 06 : 30 बजे किया जाएगा। 

इसमें नामचीन गायक राकेश राज शानू एवं अन्य कलाकारों की मनोरंजक प्रस्तुति से जहां कार्यक्रम का आगाज होगा, वहीं दूसरे और अंतिम दिन यानी 1 अक्टूबर को शांति कला केंद्र, पटना के साथ सांस्कृतिक जागृति दल एवं अन्य चिर-परिचित कलाकार अपनी उत्कृष्ट कलाओं से उपस्थित जनों को मंत्रमुग्ध करेंगे।

डीएम ने कहा कि गिद्धौर महोत्सव के माध्यम से गिद्धौर की सांस्कृतिक विरासत और इसकी अलग पहचान को जीवंत बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने जिलावासियों को गिद्धौर आने का न्यौता देते हुए कहा कि तय समय पर कुमार सुरेंद्र सिंह स्टेडियम पहुंचें और गिद्धौर महोत्सव का लुफ्त उठाएं।

सर्वविदित है कि स्मृतिशेष पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह ने शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर गिद्धौर में "गिद्धौर महोत्सव" की शुरुआत की थी। उनकी देखरेख में कई सालों तक इसका सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। देश के नामी-गिरामी संगीतकार और कलाकार उल्लेखित कार्यक्रम में अपना झंडा फहराया और गिद्धौर महोत्सव को यादगार बनाया।

ज्ञात हो कि इस महोत्सव का सीधा प्रसारण दूरदर्शन पर भी किया गया, जिसे देश-दुनिया के लोगों ने देखा और इसके जीवंत गवाह बने। दिग्विजय सिंह के निधन के बाद गिद्धौर महोत्सव को मनाने की परंपरा पर लगभग विराम लग गया था।
तब गिद्धौर निवासी बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और वर्तमान झाझा विधायक दामोदर रावत की पहल पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गिद्धौर की सांस्कृतिक विरासत के साथ इसकी देश-दुनिया में अलग पहचान कायम रखने के लिए इसे "राजकीय महोत्सव" का दर्जा दिया और गिद्धौर राज की विलुप्त हो रही सांस्कृतिक विरासत को फिर से जीवंत बनाकर इसे इठलाने का अवसर प्रदान किया।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर कला, संस्कृति एवं युवा विभाग ने गिद्धौर की सांस्कृतिक विरासत को गुमनामी की दौर से बाहर निकाल कर उसे खुले में विचरण करने का अवसर प्रदान किया है, जिसके लिए जिलावासी शत-शत आभारी हैं।

वहीं जिला प्रशासन की देखरेख में गिद्धौर महोत्सव की तैयारी जोर-शोर से जारी है। कुमार सुरेंद्र सिंह स्टेडियम को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। अचंभित कर देने वाले पंडाल के साथ आकर्षक तोरण द्वार का निर्माण कार्य पर प्रगति पर है। गिद्धौर महोत्सव को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रचार-प्रसार को भी गति दिया जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर जिलावासियों में उमंग और उत्साह परवान चढ़ने लगा है।

Post Top Ad -