Breaking News

6/recent/ticker-posts

जमुई : सेवा, संस्कार, सहायता और शिक्षा का संगम है भारत विकास परिषद - डीएम

जमुई (Jamui), 17 सितंबर : भारत विकास परिषद की जिला इकाई ने सीबीएसई मान्यता प्राप्त प्रसिद्ध निजी शिक्षण संस्थान ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के प्रशाल में राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता का आयोजन किया। इंडिपेंडेंट स्कूल एंड चिल्ड्रन वेलफेयर एसोसिएशन से सम्बद्ध कुल 10 पाठशालाओं के विद्यार्थियों ने उत्साह और उमंग के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन कर खूब वाहवाही लूटी। प्रतियोगिता खुशनुमा माहौल में संपन्न हो गया।


जिला कलेक्टर अवनीश कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित कर राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए कहा कि भारत विकास परिषद सेवा, संस्कार, सहायता एवं शिक्षा का अनूठा और अजूबा संगम है। यह समाज के प्रबुद्ध, संपन्न एवं प्रभावी व्यक्तियों का एक गैर-राजनीतिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय संगठन है। यह छह दशक से समाज के वंचित वर्ग की सेवा कर नई पीढ़ी में देश भक्ति के संस्कारों को प्रवाहित कर रहा है। परिषद का उद्देश्य है समाज के उच्च , प्रबुद्ध एवं संपन्न वर्ग को सुसंगठित कर उनके हृदय में समाज के वंचित , असमर्थ एवं अशिक्षित वर्ग के प्रति संवेदनशीलता का भाव जगाना।

श्री सिंह ने कहा कि परिषद ने कालक्रम में भारत माता को अपना आराध्य एवं स्वामी विवेकानंद को पथ - प्रदर्शक के रूप में स्वीकार किया। भारतीय संस्कृति एवं भारतीय जीवन मूल्य परिषद का मूल मंत्र है। भारत की राष्ट्रीय एकता, विश्वबंधुत्व, सर्वधर्म समभाव और उदार मानवता हमारी प्रेरणा है। समाज के प्रति समरसता एवं एकात्मता का व्यवहार इसकी पूंजी है। भारत विकास परिषद एक संस्था भी है, और एक आंदोलन भी है। यह भारतीय दृष्टि से अंकुरित , संपर्क से अभिसिंचित , सहयोग के हाथों से निर्मित, संस्कार के ह्रदय से स्पंदित और सेवा की अंजली में समर्पण के प्रसाद के रूप में परिभाषित है।

उन्होंने उपस्थित जनों को इसके आदर्शों को आत्मसात किए जाने का संदेश देते हुए कहा कि विविधता में एकता को और बलशाली बनाने के लिए यह आवश्यक ही नहीं वरन अनिवार्य है। डीएम ने प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे प्रतिभागियों के स्वर्णिम भविष्य की कामना करते हुए कहा कि राज्य और देश स्तर पर गायन के क्षेत्र में जमुई जिला का पताका आसमान में फहराकर नए इतिहास के लेखन की आपसे अपेक्षा है।
जिलाधिकारी श्री सिंह ने ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के निदेशक डॉ. मनोज कुमार सिन्हा की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि भारत विकास परिषद से सम्बंधित कार्यक्रम का आयोजन कर  आपने समाज के विकास में एक कदम बढ़ाया है जो अन्य नागरिकों के लिए अनुकरणीय है।

भारत विकास परिषद के प्रदेश अध्यक्ष विवेक माथुर ने संगठन की नीतियों कार्यक्रमों और उद्देश्यों की विस्तार  से चर्चा करते हुए कहा कि बिहार में 17 शाखा कार्यरत है और अन्य जिलों में भी इसके गठन की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उन्होंने राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता में अबतक 1100 से अधिक विद्यार्थियों के हिस्सा लिए जाने की जानकारी देते हुए कहा कि 11 सितंबर को पटना स्थित लाला लाजपत राय भवन में राज्य स्तरीय कम्पीटीशन का आयोजन किया जाएगा।

श्री माथुर ने भारत विकास परिषद के सौजन्य से पटना में दिव्यांग अस्पताल का संचालन किए जाने की जानकारी देते हुए कहा कि यहां जरूरतमंदों के लिए निःशुल्क चिकित्सा उपलब्ध है और आवश्यकता के मुताबिक उन्हें मुफ्त में कृत्रिम अंग भी दिया जाता है।

ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के निदेशक डॉ. मनोज कुमार सिन्हा ने आगत अतिथियों को पुष्प गुच्छ, अंग वस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर इस्तकबाल करते हुए कहा कि भारत विकास परिषद की मूल प्रकृति "सेवा संगठन” की है। इसी आयाम के अंतर्गत इस संगठन के जरिए  स्वास्थ्य, शिक्षा और स्वाबलंबन के क्षेत्र में बड़ा प्रभावी काम किया जा रहा है। उन्होंने भारत विकास परिषद के सिद्धांतों की चर्चा की और उपलब्धियों को गिनाया।
जिला शिक्षा पदाधिकारी कपिलदेव तिवारी, भारत विकास परिषद के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अशोक कुमार सिंह, गुलशन जी, जिला अध्यक्ष कृष्ण कांत मिश्रा, सचिव शंभू कुमार केशरी, स्वामी निरंजनानंद योग केंद्र के प्रधान स्वामी आत्मस्वरूप, ओपीएस की सचिव कुसुम सिन्हा, प्राचार्य ऋतुराज सिन्हा, उप प्रचार्च शिवांगी शरण, प्रशासक नीरज सिन्हा, विद्वान शिक्षक अनिल कुमार सिन्हा, शैलेश झा, लव कुमार, कुश कुमार, विदुषी शिक्षिका प्रेमलता, रंजना कुमारी, निर्णायक डॉ. इंदुभूषण कुमार, ज्योतिंद्र सिन्हा समेत बड़ी संख्या में गरुजन, विद्यार्थी एवं गणमान्य लोग कार्यक्रम के गवाह बने और इसे उत्साह के साथ यादगार बनाया।

जिला संवाददाता सह जाने - माने उद्घोषक डॉ. निरंजन कुमार ने कार्यक्रम का सलीके से संचालन किया और प्रशंसा के पात्र बने। समारोह हर्षोल्लास के वातावरण में संपन्न हो गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ