Breaking News

6/recent/ticker-posts

मलयपुर में पौधारोपण कर DM ने 70वां वन महोत्सव का किया शुभारंभ


 बरहट (कुमार विश्वजीत सिंह) :-
 बिहार सरकार के निर्देश पर जमुई जिला में गुरुवार य को 70वॉ वन महोत्सव का शुभारंभ किया गया। सी बी एस ई मान्यता प्राप्त प्रसिद्ध निजी शैक्षणिक संस्थान ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल मलयपुर के परिसर में वन विभाग के सहयोग से विद्यालय प्रबंधन ने 70वाँ वन महोत्सव के मौके पर समारोह का आयोजन किया।


जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने दीप प्रज्वलन के साथ वृक्षारोपण कर वन महोत्सव का शुभारंभ करते हुए कहा कि जल,जीवन और हरियाली के लिए वृक्ष लगाएं। उन्होंने पर्यावरण असंतुलन के साथ कम वर्षा पात पर गंभीर चिंता प्रकट करते हुए कहा कि इसके लिए हमारे पूर्वज एक हद तक जिम्मेदार हैं। श्री कुमार ने पूर्वजों पर जंगल की कटाई के साथ वृक्षारोपण में कोताही बरते जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि हमारी पीढ़ी इस कमी को पूरा करें तभी पर्यावरण संतुलन का लक्ष्य हासिल हो सकेगा। 


जिला पदाधिकारी श्री कुमार ने संपूर्ण जिला में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किए जाने का संदेश देते हुए कहा कि जल,जंगल और जीवन की रक्षा के लिए प्रत्येक नागरिक कम से कम पांच वृक्ष लगाएं और पर्यावरण के संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दें। उन्होंने 70वें वन महोत्सव के भव्य आयोजन के लिए वन विभाग एवं ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल की जमकर तारीफ की।
 वन प्रमंडल पदाधिकारी सत्यजीत कुमार ने मौके पर कहा की मातृ एवं पितृ ऋण से छुटकारा पाने के लिए पौधारोपण करें। उन्होंने एक वृक्ष को 100 पुत्र के समान बताते हुए कहा कि पेड़ हमें फल,फूल,लकड़ी, वर्षा आदि निशुल्क में प्रदान करती है। श्री कुमार ने बिहार सरकार के कार्यक्रमों की चर्चा करते हुए कहा कि इस वर्ष पूरे राज्य में डेढ़ करोड़ पौधा लगाए जाएंगे। उन्होंने जमुई जिला में मनरेगा और वन विभाग के सौजन्य से आठ लाख से अधिक वृक्ष लगाए जाने की चर्चा करते हुए कहा कि इनका उचित देखभाल अनिवार्य है। वन प्रमंडल पदाधिकारी श्री कुमार ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के परिसर में 100 से अधिक पेड़ लगाए जाने की जानकारी दी। उन्होंने प्रत्येक विद्यालय समेत अन्य संस्थाओं में भी वृक्षारोपण किए जाने की अपील करते हुए कहा कि जमीन की हरियाली के लिए यह अनिवार्य है। ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के निदेशक डॉ मनोज कुमार सिन्हा ने आगत अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा प्राणवायु के लिए वृक्षारोपण करें। उन्होंने स्वस्थ जीवन के साथ भूगर्भ जलस्तर को कायम रखने के लिए पौधारोपण पर बल देते हुए कहा कि पेड़ लगाएं और वन महोत्सव के सपनों को साकार करें।


प्रशिक्षु डीएफओ संजीव रंजन, एसएसबी के कमांडेंट बी पी सिंह प्रमुख समाज सेवी भवानंद जी, सचिव कुसुम सिन्हा, उप प्राचार्य शिवांगी शरण, विद्वान शिक्षक नीरज सिन्हा, लव कुमार, शैलेश झा, अनिल कुमार सिन्हा, अनुराग सिंह, सुजाता सिन्हा, खुशबू कुमारी, प्रेमलता, माधुरी, विजय सिंह आदि ने अपनी गरिमामय उपस्थिति से 70वें वन महोत्सव के मौके पर आयोजित समारोह को भव्यता प्रदान किया।


ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के अध्यक्ष राकेश रंजन ने आगत अतिथियों के प्रति सौजन्यता का भाव प्रदर्शित किया वही प्राचार्य ऋतुराज सिन्हा ने धन्यवाद ज्ञापन देकर समारोह समाप्ति की घोषणा की। डॉ. निरंजन कुमार एवं शैलेश झा ने चित परिचित अंदाज में मंच संचालन कर जहां कार्यक्रम को सफल बनाया वहीं तमाम उपस्थित जनों का भी साहित्यिक शब्दों के जरिए भरपूर सम्मान किया।


ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के बैंड ग्रुप ने धुन पर अतिथियों का स्वागत किया और राष्ट्रगान गाकर कार्यक्रम में शामिल लोगों को राष्ट्रप्रेम की दरिया में गोता लगाने को मजबूर कर दिया।विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गान के साथ रोचक गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर वन महोत्सव को यादगार बनाया। कार्यक्रम के अंत में क्विज़,स्लोगन तथा रग्बी में सफल बच्चों को पुरस्कृत किया गया।
 मौके पर जिला पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार, डीएफओ सत्यजीत कुमार सिंह,निदेशक डॉ मनोज सिन्हा समेत उपस्थित जनों के साथ वृक्षारोपण किया।