Breaking News

6/recent/ticker-posts

अलीगंज : एनआरसी-सीएए के विरोध में राजद कार्यकर्ताओं ने बाजार बंद कर किया सड़क जाम

अलीगंज | चंद्रशेखर आजाद [Edited by: Aprajita] :
एनआरसी व सीएए के विरोध में राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालु प्रसाद यादव व प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के निर्देश पर राजद कार्यकर्ताओं एवं समर्थित दलों के कार्यकर्ताओं ने शनिवार की अहले सुबह से ही अलीगंज बाजार के दुकानों को बंद कर दिया। इसके साथ अलीगंज-सिकंदरा मुख्य मार्ग को भी जाम कर दिया। जाम का नेतृत्व राजद ने किया, जबकि वाम दलों, कांग्रेस, रालोसपा, माले आदि पार्टियों ने समर्थन किया। सड़क जाम से दोनों तरफ बड़ी संख्या में वाहनों की कतार लगी रही।
अलीगंज अस्पताल के समीप मुख्य मार्ग में जाम करा रहे राजद एवं विभिन्न समर्थित दलों के कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध-प्रदर्शन सभा में तब्दील हो गया। सभा को संबोधित करते हुए राजद नेता सह राज्य परिषद सदस्य डॉ. सूपेन्द्र यादव ने कहा कि नागरिकता संशोधन विधेयक पारित होने से लोगों को कई प्रकार की समस्याओं से गुजरना पड़ेगा। यह विधेयक लोगों को खोखला बना देगी। 

बंद में शामिल हो रहे भाकपा के सुनील सिंह ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार कभी नोट बंदी तो कभी एनआरसी व सीएए जैसे कानून लागू कर लोगों को बेवकूफ बनाने का काम रही है। ऐसे विधेयक के माध्यम से केंद्र सरकार गरीबों एवं अल्पसंख्यकों को परेशान करने पर तुली है।
भाकपा माले के महेन्द्र यादव ने कहा कि केन्द्र में तानाशाही की सरकार है। जब जो मन में आया वह कानून बना डालती है। भाजपा द्वारा देश में लोगों को आपस में लड़ाने का काम किया जा रहा है। राजद के प्रखंड उपाध्यक्ष विजय यादव ने कहा कि भाजपा द्वारा एनआरसी व सीएए जैसे कानून लागू कर देश को गुलाम बनाने का कार्य किया जा रहा है। वहीं कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मकेश्वर यादव ने इस विधेयक को असंवैधानिक करार दिया।

मौके पर रालोसपा के राजेन्द्र महतो, भाकपा के अंचल सचिव सुनील सिंह, माले के महेन्द्र यादव, सीपीएम के परमेश्वर यादव, राजद के बालेशवर यादव, प्रकाश यादव, कांग्रेस के जिला सचिव रंजीत सिंह, मकेश्वर यादव, सहित राजद एवं विभिन्न समर्थित दलों के कार्यकर्ता मौजूद थे।