Breaking News

6/recent/ticker-posts

जमुई : सत्य साईं संगठन की बैठक एवं सेवादल प्रशिक्षण सम्पन्न


गिद्धौर/जमुई (अक्षय कुमार) :
रविवार को गिद्धौर के कन्या मध्य विद्यालय में श्री सत्य साईं सेवा संगठन की जिलास्तरीय बैठक सह सेवा दल प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इसमें विशेष रूप से संगठन के सेवा कोऑर्डिनेटर संदीप कुमार भट्टाचार्य एवं महिला सेवा कोऑर्डिनेटर अन्नाकाली भट्टाचार्य ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरू ओंकार के साथ हुई। इसके बाद कुमरसार कंवरिया सेवा दल एवं प्रशांति निलयम आश्रम सेवा दल के लिए संगठन के सदस्यों को प्रशिक्षित किया गया। साथ ही कहा गया कि पंद्रह दिवसीय प्रशांति सेवा में अधिक से अधिक सेवा दल जाकर योगदान दें। बैठक में गिद्धौर समिति के कार्यकलापों से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिये गए एवं विशेष दिशा-निर्देश भी पदाधिकारियों को मिला। बात दें कि प्रतिवर्ष सावन माह में जमुई से 50 से अधिक सेवादल कुमरसार में जाकर कांवरियों की सेवा करते हैं। इस वर्ष श्री सत्य साईं सेवा संगठन जमुई के लोग 20 जुलाई से 23 जुलाई तक कुमरसार मे सेवा देंगे जबकि प्रशांति निलयम सेवा दल की टीम 24 सितम्बर को रेल द्वारा रवाना होगी। कार्यक्रम में संगठन की आध्यात्मिक गतिविधियों को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। रितेश कुंअर को गिद्धौर समिति का जॉइंट कन्वेनर, कपिलदेव साह को आध्यात्मिक कोऑर्डिनेटर, मोनालिसा भारती को महिला आध्यात्मिक कोऑर्डिनेटर, गौरी कुमारी को बाल विकास कोऑर्डिनेटर, कुमारी अनामिका को यूथ कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया।

बैठक सह प्रशिक्षण कार्यक्रम में सत्य साईं बाबा के कृतित्व एवं व्यक्तित्व की चर्चा की गई। मौके पर जिला युवा समन्वयक मुन्ना कुमार, जिला सेवा समन्वयक रोहित कुमार, जिला आध्यात्मिक समन्वयक अपराजिता सिन्हा, डिस्ट्रिक्ट स्पिरिचुअल कोऑर्डिनेटर सुशान्त साईं सुन्दरम, गिद्धौर समिति कन्वेनर बलराम साह, दिनेश वर्मा, नंदकिशोर रावत, तूफानी कुमार सहित जिलाभर के सभी साईं भक्त उपस्थित थे।