- विधि-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
- अधिकारियों एवं पूजा समिति के सदस्यों के साथ की समीक्षा
गिद्धौर/जमुई। गिद्धौर के ऐतिहासिक दुर्गा मंदिर में शारदीय नवरात्र और शरद पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाले दुर्गा पूजा, महालक्ष्मी पूजा एवं भव्य मेला को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को एसडीएम सौरभ कुमार ने अधिकारियों की टीम के साथ मंदिर परिसर एवं मेला स्थल का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विधि-व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधों और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मंदिर परिसर और मेला स्थल का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने मंदिर परिसर एवं मेला क्षेत्र की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासनिक सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था की अहमियत पर विशेष ध्यान दिया गया। ऐतिहासिक दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए दूर-दराज से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना के मद्देनजर आयोजन को व्यवस्थित और शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए तैयारियों की समीक्षा की गई।
प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पूजा समिति के पदाधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सौरभ कुमार के साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी सुनील कुमार, अंचलाधिकारी आरती भूषण और थानाध्यक्ष राशि मलिक मौजूद रहे। वहीं, शारदीय दुर्गा पूजा सह लक्ष्मी पूजा समिति की ओर से कार्यकारी अध्यक्ष राजीव कुमार साव उर्फ पिंकू, सचिव सुबोध कुमार सिंह उर्फ काजू और उपसचिव राजेश कुमार उर्फ पाजो जी सहित समिति के कई सदस्य उपस्थित थे।
प्रशासनिक अधिकारियों और पूजा समिति के पदाधिकारियों की मौजूदगी में मंदिर एवं मेला स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। प्रशासनिक निरीक्षण से पूजा और मेला आयोजन को लेकर तैयारियों में तेजी आने की उम्मीद है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन तथा पूजा समिति के समन्वय से आयोजन को सफल बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

