महिला किसान पूनम कुमारी की पहल से कृषि उद्यमिता को बढ़ावा, ईख आयुक्त ने किया उद्घाटन
जमुई/जमुई। जिले के बरहट प्रखंड अंतर्गत पाडो पंचायत के भोजा गांव में शुक्रवार को आधुनिक गन्ना नर्सरी का शुभारंभ किया गया। बिहार के ईख आयुक्त अनिल कुमार झा ने नर्सरी का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में जमुई, मुंगेर और शेखपुरा जिले के 300 से अधिक किसानों ने भाग लिया।
महिला किसान की पहल बनी प्रेरणा
इस आधुनिक गन्ना नर्सरी की स्थापना स्थानीय महिला किसान पूनम कुमारी ने की है। उनकी इस पहल को ग्रामीण क्षेत्रों में महिला उद्यमिता, आत्मनिर्भरता और वैज्ञानिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। ईख आयुक्त ने उनके प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी पहल किसानों को आधुनिक तकनीक अपनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रेरित करती है।
ग्रीन हाउस से बड कटिंग मशीन तक की सुविधा
नर्सरी में गुणवत्तापूर्ण गन्ने के पौधे तैयार करने के लिए ग्रीन हाउस, बीज उपचार उपकरण, बड कटिंग मशीन और सिंचाई के लिए स्प्रिंकलर सिस्टम की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त, गन्ने के रस से मूल्य संवर्धन को बढ़ावा देने के लिए जूस मशीन भी लगाई गई है। इन सुविधाओं से स्वस्थ एवं रोगमुक्त पौधों के उत्पादन और किसानों तक उनकी उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
गन्ने की खेती को लाभकारी बनाने पर जोर
कार्यक्रम में ईख आयुक्त ने किसानों को वैज्ञानिक तकनीकों के इस्तेमाल के साथ गन्ने की खेती को लाभकारी उद्यम के रूप में विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने गन्ने से गुड़ निर्माण सहित अन्य मूल्य संवर्धन गतिविधियों के जरिए आय के नए अवसर तलाशने पर भी जोर दिया।
सहायक निदेशक, ईख विकास ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों का लाभ उठाने के लिए मार्गदर्शन दिया। मौके पर प्रोफेसर ए.के. सिंह, कृषि विभाग के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

