- झाझा के करहरा उच्च माध्यमिक विद्यालय में छात्र-छात्राओं को महिला अधिकारों
- साइबर सुरक्षा और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
झाझा/जमुई। महिला सशक्तिकरण, बालिका सुरक्षा और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को उच्च माध्यमिक विद्यालय, करहरा में सखी वार्ता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को महिलाओं एवं बालिकाओं के अधिकारों, सुरक्षा उपायों, शिक्षा, आर्थिक आत्मनिर्भरता और सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
मिशन शक्ति की योजनाओं की दी गई जानकारी
कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक मुकेश कुमार और वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ विकास कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। इस दौरान मिशन शक्ति योजना के अंतर्गत संचालित वन स्टॉप सेंटर (सखी केंद्र), महिला हेल्पलाइन 181, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, नारी अदालत और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के उद्देश्यों एवं लाभों की जानकारी दी गई।
आर्थिक आत्मनिर्भरता पर दिया गया जोर
छात्र-छात्राओं को महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए स्वयं सहायता समूहों, बिहार जीविका, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, मुख्यमंत्री महिला उद्यमी योजना और कौशल विकास से जुड़े अवसरों के बारे में बताया गया। बालिकाओं को शिक्षा के महत्व को समझते हुए अपने भविष्य के प्रति जागरूक रहने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
साइबर सुरक्षा और बाल विवाह रोकथाम पर चर्चा
कार्यक्रम में ऑनलाइन ठगी, साइबर अपराध, फर्जी लिंक और अनजान कॉल से सतर्क रहने की सलाह दी गई। सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने तथा निजी तस्वीरें, मोबाइल नंबर, पासवर्ड और अन्य व्यक्तिगत जानकारी अनजान लोगों से साझा नहीं करने पर विशेष जोर दिया गया।
इसके अलावा बाल विवाह की रोकथाम, लैंगिक समानता, महिलाओं के सम्मान और किसी भी प्रकार की हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में सहायता प्राप्त करने के उपायों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को अधिकारों के प्रति जागरूक बनाकर सुरक्षित, सम्मानजनक और आत्मनिर्भर भविष्य के लिए तैयार करना तथा समाज में महिला सशक्तिकरण की भावना को मजबूत करना था।

