गिद्धौर में नम आंखों से भगवती को दी गई विदाई, त्रिपुर सुंदरी तालाब में हुआ प्रतिमा विसर्जन - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026

गिद्धौर में नम आंखों से भगवती को दी गई विदाई, त्रिपुर सुंदरी तालाब में हुआ प्रतिमा विसर्जन

  • गिद्धौर के ऐतिहासिक देवी मंडा में उमड़ा अंतरजिला श्रद्धालुओं का सैलाब
  • बिहार सरकार के मंत्री दामोदर रावत और श्रेयसी सिंह ने संध्या महाआरती में लिया भाग

गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 22 अक्टूबर 2026, गुरुवार : नागी, नकटी और उलाई नदियों के संगम तट पर अवस्थित ऐतिहासिक देवी मंडा में विजयादशमी के अवसर पर गिद्धौर की सुप्रसिद्ध मां दुर्गा की प्रतिमा को भावभीनी विदाई दी गई। बुधवार की देर संध्या मां त्रिपुर सुंदरी मंदिर तालाब में प्रतिमा विसर्जन से पूर्व आयोजित संध्या महाआरती में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तिमय वातावरण में श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां पतसंडा से विदाई लेते हुए अपने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
विधि-विधान से संपन्न हुआ धार्मिक अनुष्ठान
शारदीय दुर्गा पूजा सह लक्ष्मी पूजा समिति की देखरेख में देवघर से आए विद्वान पंडा महेश्वर चरण जी महाराज और पन्नालाल मिश्र ने विधि-विधान के साथ कलश विसर्जन कराया। इसके बाद निर्धारित मुहूर्त में देवी मंडा से मां दुर्गा की प्रतिमा की विसर्जन यात्रा निकाली गई। यात्रा लार्ड मिंटो टावर चौक होते हुए बाजार परिसर से मां त्रिपुर सुंदरी मंदिर तालाब पहुंची।
मंत्रियों ने महाआरती में लिया भाग
विसर्जन से पूर्व आयोजित संध्या महाआरती में बिहार सरकार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत, उद्योग सह खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, बांका की पूर्व सांसद पुतुल कुमारी और जदयू नेता त्रिपुरारी सिंह शामिल हुए। सभी ने मां भगवती की आरती कर क्षेत्र सहित पूरे बिहार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुआ दशहरा मेला
प्रतिमा विसर्जन के अवसर पर अंतरजिला क्षेत्रों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए। मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही थी। जिला प्रशासन के दिशा-निर्देश पर स्थानीय प्रशासन और पूजा समिति की देखरेख में प्रतिमा विसर्जन शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
गिद्धौर थाना अध्यक्ष राशि मलिक के नेतृत्व में स्थानीय प्रशासन और शारदीय दुर्गा पूजा सह लक्ष्मी पूजा समिति के सदस्यों ने दशहरा पर्व के सफल आयोजन में योगदान दिया। इसके साथ ही गिद्धौर का ऐतिहासिक दशहरा उत्सव मां की विदाई के साथ संपन्न हो गया।

Responsive Advertisement