गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 22 अक्टूबर 2026, गुरुवार : जमुई के जिलाधिकारी नवीन कुमार और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल मंगलवार की देर शाम अपने परिजनों के साथ गिद्धौर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने नागी, नकटी और उलाई नदियों के संगम तट पर स्थित ऐतिहासिक देवी मंडा (दुर्गा मंदिर) में मां भगवती की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मेला घूमने के साथ चाट का भी लिया आनंद
पूजा-अर्चना के बाद डीएम और एसपी ने अपने परिजनों के साथ गिद्धौर के दुर्गा पूजा एवं लक्ष्मी पूजा मेले का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने मेले की रौनक का आनंद लिया और चाट का स्वाद भी चखा। अधिकारियों की इस सहज और आत्मीय मौजूदगी से मेला परिसर का माहौल और भी खास हो गया।
पूजा समिति के पदाधिकारियों ने किया स्वागत
इस अवसर पर गिद्धौर थानाध्यक्ष राशि मलिक, प्रखंड विकास पदाधिकारी सुनील कुमार, शारदीय दुर्गा पूजा सह लक्ष्मी पूजा समिति के सचिव सुबोध कुमार सिंह उर्फ काजू जी, कोषाध्यक्ष सुबोध कुमार केशरी सहित समिति की कार्यकारिणी के सदस्य मौजूद रहे।
गिद्धौर का देवी मंडा मंदिर धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है। दुर्गा पूजा के अवसर पर यहां श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है और मेले में क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपरा एवं उत्सवी माहौल की झलक देखने को मिलती है।

