गिद्धौर के धोबघट में मदन सिंह मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट का डीएम ने किया भव्य शुभारंभ - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026

गिद्धौर के धोबघट में मदन सिंह मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट का डीएम ने किया भव्य शुभारंभ

  • जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने किया उद्घाटन
  • बोले - राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकेंगी जमुई की खेल प्रतिभाएं

कोल्हुआ/गिद्धौर (Kolhua/Gidhaur), 22 अक्टूबर 2026, गुरुवार : प्रखंड के कोल्हुआ पंचायत स्थित धोबघट खेल मैदान में गुरुवार को स्वर्गीय मदन सिंह मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। मां काली फुटबॉल क्लब के तत्वावधान में आयोजित इस टूर्नामेंट का उद्घाटन जमुई के जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने किया। उद्घाटन समारोह में जिला जज रणधीर सिंह, झाझा के पूर्व विधायक डॉ. रविंद्र यादव समेत कई गणमान्य लोग, खेलप्रेमी और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
खेल प्रतिभाओं को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर : डीएम
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने कहा –
जमुई की मिट्टी में खेल के प्रति विशेष लगाव और समृद्ध खेल संस्कृति की परंपरा रही है। खेल केवल शारीरिक क्षमता और प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने का सशक्त साधन भी है। खेल संस्कृति से जुड़ना अपनी मिट्टी, परंपरा और पहचान से जुड़ना है।
उन्होंने कहा कि अतीत में नक्सलवाद के प्रभाव के कारण जिले की विकास संभावनाएं प्रभावित हुईं। इसका असर आधारभूत संरचनाओं के साथ-साथ खेल प्रतिभाओं को मिलने वाले अवसरों, संसाधनों और प्रोत्साहन पर भी पड़ा। अब नक्सलवाद के प्रभाव से मुक्ति के बाद जिले में विकास की नई संभावनाएं आकार ले रही हैं। सरकार और जिला प्रशासन खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि जमुई के खिलाड़ी अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जिले का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी निष्ठा, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की। साथ ही आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
रोमांचक मुकाबले में टाईब्रेकर से जीती धरहरा की टीम
टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला मुंगेर जिले के धरहरा स्थित शंकर स्पोर्ट्स इलेवन क्लब और झारखंड के बाबूमहल की टीम के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच शुरुआत से ही रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। मध्यांतर तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं। निर्धारित समय में परिणाम नहीं निकलने के बाद टाईब्रेकर का सहारा लिया गया, जिसमें धरहरा की टीम ने 5-4 से जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत की।

धरहरा टीम के जर्सी नंबर 10 के खिलाड़ी मोहम्मद अब्दुल को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
गणमान्य लोगों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पदाधिकारी नवीन कुमार और जिला जज रणधीर सिंह के अलावा झाझा के पूर्व विधायक डॉ. रविंद्र यादव, भाजपा प्रवक्ता मनीष पांडेय, झारखंड भाजपा नेता सुमन सिंह, शिवराज यादव, राजपूत विचार मंच के केंद्रीय अध्यक्ष अरुण सिंह, भाजपा मांगोबंदर मंडल अध्यक्ष मुकेश सिंह, समाजसेवी अशोक बाबू और हिमांशु सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

आयोजन समिति के अध्यक्ष कुणाल सिंह, सचिव सुबोध कुमार सिंह उर्फ काजू जी, संयोजक बबन कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष राजेश सिंह, नीरज सिंह, प्रभाकर प्रसाद सिंह, रामानंद प्रसाद सिंह, सुकेश कुमार सिंह उर्फ चिन्नू जी, अमन परिहार, विकास कुमार सिंह, अमरेश कुमार सिंह और हीरा कुमार सिंह सहित अन्य युवाओं ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
स्वर्गीय मदन सिंह की स्मृति में आयोजित यह टूर्नामेंट क्षेत्र में फुटबॉल को बढ़ावा देने और स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। आयोजकों को उम्मीद है कि इससे युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ेगी और जमुई की समृद्ध खेल संस्कृति को नई ऊर्जा मिलेगी।

Responsive Advertisement