कोशी स्नातक निर्वाचन को लेकर जमुई में प्रशासन अलर्ट, 11 केंद्रों पर 6455 मतदाता करेंगे मतदान - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026

कोशी स्नातक निर्वाचन को लेकर जमुई में प्रशासन अलर्ट, 11 केंद्रों पर 6455 मतदाता करेंगे मतदान

  • 23 अक्टूबर को सुबह 8 से शाम 4 बजे तक होगा मतदान
  • निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव के लिए डीएम और एसपी ने अधिकारियों को दिए निर्देश

जमुई/बिहार (Jamui/Bihar), 22 अक्टूबर 2026, गुरुवार : बिहार विधान परिषद के कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शुक्रवार, 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान को निष्पक्ष, पारदर्शी, स्वतंत्र और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में पीठासीन पदाधिकारियों, दंडाधिकारियों तथा पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग आयोजित की गई।

जिले में बनाए गए 11 मतदान केंद्र
प्रशासन के अनुसार, जिले में कुल 11 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें एक केंद्र प्रखंड विकास पदाधिकारी, जमुई के कार्यालय में तथा शेष 10 केंद्र विभिन्न अंचल कार्यालयों में स्थित हैं। इस चुनाव में जिले के कुल 6,455 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 5,252 पुरुष और 1,203 महिला मतदाता शामिल हैं। कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 15 अभ्यर्थी चुनावी मैदान में हैं।

हर दो घंटे पर देनी होगी मतदान प्रतिशत की जानकारी
ब्रीफिंग में अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया। पीठासीन पदाधिकारियों को मतदान सामग्री प्राप्त करने से लेकर मतपेटी को वज्रगृह तक पहुंचाने की प्रक्रिया की जानकारी प्रिसाइडिंग ऐप पर अपलोड करनी होगी। मतदान के दिन प्रत्येक दो घंटे पर मतदान प्रतिशत की जानकारी ऐप के माध्यम से दर्ज करने के साथ जिला नियंत्रण कक्ष को भी उपलब्ध करानी होगी। मतदान केंद्रों पर वीडियोग्राफी की व्यवस्था भी रहेगी।
मोबाइल, पेन और पेंसिल ले जाने पर प्रतिबंध
मतदाता पहचान पत्र उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 10 वैकल्पिक पहचान पत्रों के जरिए पहचान सुनिश्चित की जा सकेगी। इनमें ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पासपोर्ट और दिव्यांगता प्रमाण-पत्र सहित अन्य मान्य दस्तावेज शामिल हैं। मतदान केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, पेन और पेंसिल ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। इसके लिए मोबाइल रखने की व्यवस्था और कर्मियों की तैनाती की गई है।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश
मतदान के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जोनल, सुपर जोनल और स्टैटिक दंडाधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया। मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियों को निर्धारित मार्ग से सुरक्षित वज्रगृह तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित की गई।

बैठक में अपर समाहर्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, वरीय उप समाहर्ता सावन सहित संबंधित पदाधिकारी, दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Responsive Advertisement