जमुई : शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

शुक्रवार, 11 सितंबर 2026

जमुई : शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

जमुई/बिहार। मंगलवार को जिला संवाद कक्ष में शिक्षा विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त, जमुई ने की। बैठक में जिले में शिक्षा विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों एवं शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने, योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों को सरकार की योजनाओं का समय पर लाभ पहुंचाने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में विद्यालय निरीक्षण एवं अनुश्रवण, अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी, सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालय, अपार आईडी निर्माण, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, विद्यालय शिक्षा समिति, पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति, एसएनए स्पर्श मॉड्यूल, स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग, ‘एक पेड़ मां के नाम’, इंस्पायर अवार्ड, विद्यालयों में संचालित नशामुक्ति कार्यक्रम, मध्याह्न भोजन योजना, न्यायालय से संबंधित मामले, शिक्षकों के वेतन भुगतान, साक्षरता शाखा से जुड़े कार्य सहित शिक्षा विभाग के अन्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान जिले के विभिन्न कार्यक्रमों में प्रदर्शन की भी जानकारी ली गई। वर्तमान में एफआरएस के मामले में जमुई जिला राज्य में दूसरे स्थान पर है। वहीं अपार आईडी निर्माण में जिले को राज्य स्तर पर नौवां स्थान प्राप्त हुआ है, जबकि निजी विद्यालयों के मामले में जमुई पांचवें स्थान पर है। स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग में जिला सातवें स्थान पर है। ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान में जमुई जिले ने राज्य में प्रथम स्थान हासिल किया है। इसी प्रकार इंस्पायर अवार्ड नामांकन की स्थिति में जिला चौथे स्थान पर तथा नशामुक्ति पोर्टल पर जिले की स्थिति राज्य में प्रथम स्थान पर है।

उप विकास आयुक्त ने विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों में जिले के प्रदर्शन पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बेहतर उपलब्धि को बनाए रखने के साथ-साथ जिन क्षेत्रों में जिले की स्थिति अपेक्षाकृत कमजोर है, वहां विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्यालयों में संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों का प्रतिदिन गहन अनुश्रवण एवं निरीक्षण करें तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होने दें।

बैठक में चालू माह के दौरान विद्यालयों में संचालित किए जाने वाले कार्यक्रमों को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को मूलभूत साक्षरता एवं संख्या ज्ञान कार्यक्रम के प्रभावी संचालन, परियोजना आधारित शिक्षण, इंस्पायर अवार्ड के लिए नामांकन, इको क्लब के गठन, विद्यांजलि पोर्टल के प्रभावी उपयोग, अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी के आयोजन तथा विद्यालय शिक्षा समिति की गतिविधियों को सक्रिय रूप से संचालित करने को कहा गया।
विद्यालयों में नशामुक्ति से संबंधित गतिविधियों की नियमित जानकारी नशामुक्ति पोर्टल पर दर्ज करने, अपार आईडी निर्माण में तेजी लाने तथा सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी प्रयोगशाला और स्मार्ट कक्षा का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही विद्यालयों में प्रयोगशालाओं के नियमित संचालन एवं निरीक्षण पर भी विशेष जोर दिया गया।

अधिकारियों को ई-संबंधन पोर्टल, सहयोग पोर्टल तथा प्रशस्त ऐप 2.0 से संबंधित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया गया। विद्यार्थियों को आयरन एवं फोलिक एसिड की गोलियों के वितरण, स्टॉक पंजी के समुचित संधारण, पाठ्य पुस्तकों के वितरण तथा शैक्षणिक सत्र 2026-27 में नामांकन से संबंधित विवरणी को अद्यतन रखने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि शिक्षा विभाग की योजनाओं का लाभ विद्यालय स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचे और विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो। विद्यालयों के नियमित निरीक्षण एवं अनुश्रवण के माध्यम से शैक्षणिक गतिविधियों, आधारभूत सुविधाओं, मध्याह्न भोजन, छात्र उपस्थिति तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया गया।

बैठक के अंत में सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने प्रखंड के विद्यालयों में योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की नियमित समीक्षा करें तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय सीमा के भीतर पूरा करना सुनिश्चित करें। जिला शिक्षा पदाधिकारी, जमुई सहित शिक्षा विभाग के संबंधित पदाधिकारी बैठक में उपस्थित रहे।

Post Top Ad - LHMU Hair Treatment