गंगरा/गिद्धौर। देवावतार बाबा कोकिलचंद साहित्य के द्वितीय संस्करण के प्रकाशन को लेकर चल रहे साहित्यिक अभियान में अशोका पब्लिक स्कूल, जमुई के चेयरमैन एवं वरिष्ठ संवेदक अशोक कुमार सिंह ने 21 हजार रुपये का सहयोग प्रदान किया। बाबा कोकिलचंद विचार मंच परिवार ने उनके इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए इसे साहित्य एवं संस्कृति संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
मंच के संयोजक चुनचुन कुमार की ओर से कहा गया कि बाबा कोकिलचंद की यशगाथा और उनकी लोक-संस्कृति को अक्षरों के माध्यम से आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से साहित्य का द्वितीय संस्करण प्रकाशित किया जा रहा है। इसमें अशोक कुमार सिंह का सहयोग क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
सहयोग प्रदान करने के साथ अशोक कुमार सिंह ने जिला प्रशासन से बाबा कोकिलचंद धाम, गंगरा की लोककथा एवं संस्कृति को जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट पर पुनः प्रकाशित करने, जमुई सर्किट हाउस में बाबा के त्रिसूत्र मंत्र, शराब से दूर रहना, नारी का सम्मान करना और अन्न की रक्षा करना, को अंकित कराने तथा गंगरा धाम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित कर गंगरा गांव को आदर्श ग्राम घोषित करने की अपील की। मंच एवं स्थानीय लोगों ने उनकी पहल का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार जताया।







