गिद्धौर : धान की फसल चराने से मना करने पर राजद प्रखंड अध्यक्ष पर हमला, एसपी से की शिकायत - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

शुक्रवार, 11 सितंबर 2026

गिद्धौर : धान की फसल चराने से मना करने पर राजद प्रखंड अध्यक्ष पर हमला, एसपी से की शिकायत

गिद्धौर/जमुई। जमुई जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र के केतरूनवादा गांव में धान की हरी फसल को मवेशियों से चराने से मना करने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। राष्ट्रीय जनता दल के गिद्धौर प्रखंड अध्यक्ष एवं केतरूनवादा निवासी शिवनंदन यादव ने कई लोगों पर उनके साथ मारपीट करने, जानलेवा हमला करने, चारपहिया वाहन में तोड़फोड़ करने तथा वाहन में रखे 20 हजार रुपये निकाल लेने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर उन्होंने जमुई के आरक्षी अधीक्षक को लिखित आवेदन देकर आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

मवेशियों के फसल चराने से रोकने पर शुरू हुआ विवाद
एसपी को दिए आवेदन में शिवनंदन यादव ने बताया कि 3 सितंबर 2026 को करीब दोपहर दो बजे कुछ लोग बकरी, गाय और भैंस लेकर उनकी धान की हरी फसल में पहुंचे थे। आरोप है कि मवेशियों द्वारा फसल चराए जाने का उन्होंने विरोध किया और लोगों को ऐसा करने से मना किया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।

शिकायतकर्ता के अनुसार, विरोध करने पर आरोपित पक्ष के लोग कथित रूप से लाठी-डंडा और लोहे की रॉड लेकर उनके साथ मारपीट करने लगे।
लोहे की रॉड और लाठी-डंडे से हमला करने का आरोप
शिवनंदन यादव ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान रानी देवी ने उनके गुप्तांग के हाइड्रोसील वाले हिस्से को पकड़कर जोर से दबा दिया, जिससे उन्हें काफी तेज दर्द हुआ और वे बेहोश हो गए। उनका आरोप है कि इसी दौरान सौरभ यादव और संजीत यादव ने लोहे की रॉड से उनके सिर पर जानलेवा हमला करने का प्रयास किया।

उन्होंने आगे आरोप लगाया कि बहादुर यादव, छटंकी यादव सहित अन्य लोगों ने भी लाठी-डंडे तथा ईंट-पत्थर से उन पर हमला किया। किसी तरह उन्होंने मौके से भागकर अपनी जान बचाई।

चारपहिया वाहन में तोड़फोड़ का भी आरोप
शिकायत में शिवनंदन यादव ने यह भी आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान आरोपितों ने उनकी चारपहिया गाड़ी पर ईंट-पत्थर बरसाए, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन का शीशा तोड़कर उसमें रखे 20 हजार रुपये निकाल लिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
घटना के बाद घायल अवस्था में शिवनंदन यादव इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे। इसके बाद उन्होंने पूरे मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपा।

11 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
आवेदन में रानी देवी, सौरभ कुमार, रीता देवी, मोहनी देवी, राजेश यादव, मुला देवी, छटंकी यादव, सोनी कुमारी, बहादुर यादव, संजीत यादव और बहादुर यादव की पत्नी समेत अन्य लोगों के नाम का उल्लेख किया गया है। इनमें अधिकांश लोगों का पता केतरूनवादा बताया गया है, जबकि कुछ को धमना थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है।
पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी घटना की वास्तविकता
राजद प्रखंड अध्यक्ष ने पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच कर आरोपितों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल आरोपों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। मामले में दूसरे पक्ष की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Post Top Ad - LHMU Hair Treatment